गौतमबुद्धनगर में 9 मार्च को होगी महिला जनसुनवाई, राज्य महिला आयोग की सदस्य सुनेंगी महिलाओं की समस्याएं
गौतमबुद्धनगर में महिलाओं से जुड़ी समस्याओं के समाधान के लिए 9 मार्च को विशेष महिला जनसुनवाई का आयोजन किया जाएगा। इस जनसुनवाई में महिलाओं की शिकायतों और सुझावों को सीधे सुना जाएगा और उनके निस्तारण के लिए आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।
जिला प्रोबेशन अधिकारी मनोज कुमार पुष्कर ने जानकारी देते हुए बताया कि उत्तर प्रदेश राज्य महिला आयोग की सदस्य डॉ. मीनाक्षी भराला की अध्यक्षता में यह महिला जनसुनवाई आयोजित की जा रही है। कार्यक्रम 9 मार्च 2026 को सुबह 11:30 बजे से विकास भवन सभागार में आयोजित होगा।
जनसुनवाई के दौरान जनपद की महिलाओं से संबंधित विभिन्न प्रकार की शिकायतों, समस्याओं और सुझावों को सुना जाएगा। संबंधित विभागों की मौजूदगी में इन मामलों के समाधान के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश भी दिए जाएंगे, ताकि पीड़ित महिलाओं को जल्द राहत मिल सके।
जिला प्रोबेशन अधिकारी ने जनपद की महिलाओं और आमजन से अपील की है कि वे अधिक से अधिक संख्या में इस जनसुनवाई में पहुंचकर अपनी समस्याएं सीधे आयोग के समक्ष रखें और कार्यक्रम का लाभ उठाएं।