Yamaha का नया इलेक्ट्रिक स्कूटर पेश, एक चार्ज में चलेगा 104 KM; मिलेंगे 3 राइडिंग मोड और कई स्मार्ट फीचर्स

0 18
नई दिल्ली: यामाहा ने EICMA 2026 में अपना नया इलेक्ट्रिक स्कूटर NMAX E पेश किया है। कंपनी ने इस मॉडल को आधुनिक डिजाइन और तकनीक के साथ उतारा है। इसमें 104 किलोमीटर तक की दावा की गई रेंज, दो रंगों के विकल्प और तीन राइडिंग मोड मिलेंगे। यामाहा ने इसके साथ कई अन्य नए स्कूटर भी प्रदर्शित किए हैं। NMAX E को 2027 में लॉन्च किए जाने की योजना है, हालांकि भारत में इसकी बिक्री को लेकर कंपनी ने अभी कोई जानकारी नहीं दी है।

स्पोर्टी लुक के साथ दो रंगों का विकल्प

Yamaha NMAX E का डिजाइन कंपनी की मौजूदा MAX स्कूटर श्रृंखला से प्रेरित है। इसे आधुनिक और स्पोर्टी लुक दिया गया है। यह स्कूटर Avio Blue और Platinum Silver, यानी दो रंगों में उपलब्ध होगा।

इसके डिजाइन में दोहरी एलईडी हेडलाइट, छोटे टर्न इंडिकेटर और आरामदायक सीटिंग पोजीशन शामिल हैं। इसमें सीट के नीचे बड़ा स्टोरेज स्पेस भी दिया गया है, जिसमें एक फुल-फेस हेलमेट रखा जा सकता है।

5 इंच की स्क्रीन और स्मार्टफोन कनेक्टिविटी

फीचर्स की बात करें तो NMAX E में 5 इंच का टीएफटी इंस्ट्रूमेंट कंसोल दिया गया है। इस स्क्रीन पर वाहन से जुड़ी जानकारी और सवारी का पूरा ब्योरा देखा जा सकेगा।

स्कूटर में Yamaha Motor On ऐप के जरिए स्मार्टफोन कनेक्टिविटी और रास्ता बताने की सुविधा मिलेगी। इसके अलावा ट्रैक्शन कंट्रोल, स्मार्ट की सिस्टम और एंटी-लॉक ब्रेकिंग सिस्टम (ABS) जैसे फीचर्स भी दिए गए हैं।

इसमें रिवर्स फंक्शन के साथ तीन राइडिंग मोड Sport, Touring और Eco मिलते हैं। स्कूटर में 13 इंच के पहिये दिए गए हैं। आगे 110/70 और पीछे 130/70 आकार के टायर मिलते हैं। इसकी सीट की ऊंचाई 770 मिलीमीटर है।

7.5 kW की मोटर और 104 KM की रेंज

Yamaha NMAX E में 7.5 kW की इलेक्ट्रिक मोटर दी गई है। यह मोटर 3,500 आरपीएम पर 7.5 kW की शक्ति और 33.3 न्यूटन मीटर का टॉर्क पैदा करती है।

इसमें 3.5 kWh की लिथियम-आयन बैटरी लगाई गई है। कंपनी के मुताबिक, WMTC क्लास 1 परीक्षण चक्र के आधार पर यह स्कूटर एक बार पूरी तरह चार्ज होने पर 104 किलोमीटर तक चल सकता है।

चार्जिंग के लिए इसमें 800W का ऑन-बोर्ड चार्जर दिया गया है। बैटरी को पूरी तरह चार्ज होने में करीब 5.5 घंटे लगते हैं।

ABS और रीजेनरेटिव ब्रेकिंग की सुविधा

स्कूटर के आगे और पीछे दोनों पहियों में 245 मिलीमीटर के डिस्क ब्रेक दिए गए हैं। इसमें एबीएस के साथ रीजेनरेटिव ब्रेकिंग तकनीक भी मिलती है।

सस्पेंशन के लिए आगे 33 मिलीमीटर के टेलीस्कोपिक फोर्क और पीछे ट्विन शॉक एब्जॉर्बर लगाए गए हैं। इसके अलावा स्कूटर में ट्रैक्शन कंट्रोल और एक्सीलेटर पोजीशन सेंसर ग्रिप नाम का इलेक्ट्रॉनिक थ्रॉटल सिस्टम भी दिया गया है।

तीन राइडिंग मोड से मिलेगी अलग-अलग सुविधा

Yamaha NMAX E में सवारी की जरूरत के हिसाब से तीन मोड दिए गए हैं। Sport मोड बेहतर एक्सीलरेशन के लिए है, जबकि Touring मोड में संतुलित प्रतिक्रिया मिलती है।

वहीं, Eco मोड ऊर्जा की बचत और बेहतर दक्षता को ध्यान में रखकर तैयार किया गया है। इस मोड का इस्तेमाल करके स्कूटर की रेंज बेहतर रखने में मदद मिल सकती है।

भारत में कब लॉन्च होगा Yamaha NMAX E?

यामाहा की योजना NMAX E को 2027 में लॉन्च करने की है। हालांकि, अभी यह स्पष्ट नहीं है कि कंपनी इसे भारतीय बाजार में भी उतारेगी या नहीं।

अगर यह स्कूटर भारत में लॉन्च होता है तो इसकी टक्कर बजाज चेतक, एथर 450X और टीवीएस आईक्यूब एसटी जैसे इलेक्ट्रिक स्कूटरों से हो सकती है।

 

नोट: अगर आपको यह खबर पसंद आई तो इसे शेयर करना न भूलें, देश-विदेश से जुड़ी ताजा अपडेट पाने के लिए कृपया Vnation के Facebook पेज को Like व Twitter पर Follow करना न भूलें...
Leave A Reply

Your email address will not be published.