‘तूने बच्चे मारे हैं शक्त‍िमान’ समय रैना ने मुकेश खन्ना और इंडस्ट्री पर साधा तंज, कहा- मैं वाइल्ड शो करना चाहता हूं

0 21

यूट्यूबर और स्टैंडअप कॉमेडियन समय रैना ने अपने नए शो स्टिल अलाइव में दिल की सारी बात कह दी। साल 2025 उनके लिए बेहद कठिन रहा था, जब उनके शो इंडियाज गॉट लेटेंट में यूट्यूबर रणवीर इलाहाबादिया के अश्लील जोक के कारण पूरे इंडिया में बवाल मच गया और उनका शो बैन हो गया। उस समय उनके खिलाफ कई केस भी दर्ज हुए। अब समय ने इस दुख और आलोचना का जवाब दिया।

इंडस्ट्री वालों को मिला करारा जवाब
विवाद के दौरान कॉमेडियन सुनील पाल, सिंगर बी प्राक और अभिनेता मुकेश खन्ना ने समय रैना पर तीखा हमला किया था और उन्हें देश के युवाओं को बिगाड़ने का दोषी ठहराया था। अपने नए शो में समय ने कहा कि उस वक्त “सब आ गए थे हमको खाने – नेता, सेलेब्रिटीज, सुनील पाल।” उन्होंने सुनील पाल को ट्रोल करते हुए कहा, “वो मुझे कह रहा था कि इनको बोलो कपिल शर्मा से कुछ सीखें, लेकिन क्या बताऊं कपिल तो खुद हमारे शो के अगले एपिसोड में आने वाले थे।”

समय ने सिंगर बी प्राक पर भी निशाना साधा और कहा, “बी प्राक मेरे पसंदीदा गायक हैं, लेकिन लेटेंट विवाद शुरू होते ही वो बीच में कूद पड़े। कहते हैं, ये कैसी बातें शो में हुई हैं, मैं तो कभी नहीं जाऊंगा उस पॉडकास्ट में। भाई, तुझे बुलाया किसने है?”

मुकेश खन्ना पर कटाक्ष
वहीं मुकेश खन्ना को लेकर समय ने कहा, “उस वक्त सब आ गए थे। शक्तिमान आ गया था, शक्तिमान? अब शक्तिमान से भला कौन लड़ेगा? सॉरी शक्तिमान। वो कह रहे थे कि ऐसे कंटेंट का बच्चों पर क्या असर होगा। मैं नहीं जानता आपने कितना शक्तिमान देखा। तब न्यूज आती थी कोई बच्चा शक्तिमान देखकर कूद गया। तूने बच्चे मारे हैं भाई, तू क्या बोल रहा है मुझे।”

वाइल्ड और मजेदार शो की दी झलक
समय रैना ने अपने शो में साफ कहा कि इंडियाज गॉट लेटेंट जरूर वापस आएगा। उन्होंने कहा, “शो तो मैं लाऊंगा भाई। क्योंकि उसे करने में मजा आता था। अब मैं जब तक इस दुनिया में हूं, मुझे मजे करने हैं भाई। मैं एकदम वाइल्ड शो करना चाहता हूं।” इस बयान के बाद ऑडियंस ने खुशी से तालियों की गड़गड़ाहट के साथ उनकी बातों का स्वागत किया।

 

नोट: अगर आपको यह खबर पसंद आई तो इसे शेयर करना न भूलें, देश-विदेश से जुड़ी ताजा अपडेट पाने के लिए कृपया Vnation के Facebook पेज को LikeTwitter पर Follow करना न भूलें...
Leave A Reply

Your email address will not be published.