न्यू ईयर पार्टी मनाने गया युवक हो गया लापता, खोजबीन के बीच नाले में मिला शव; परिवार में मचा कोहराम

0 637

नई दिल्ली: नए साल के दिन जहां पूरी दुनिया शोर-शराबे और जश्न में मशगूल थी वहीं, यूपी के बलिया जिले के रहने वाले एक युवक के परिवार के सदस्यों के लिए यह दिन मनहूस बन गया। बलिया जिले के बांसडीह कोतवाली क्षेत्र में नए साल की पार्टी मनाने गए विजय शुक्ल का शव एक गड्ढे में पड़ा मिला।

मृतक के घर और मोहल्ले में शोक का माहौल
पुलिस के अनुसार, बांसडीह-सहतवार मार्ग पर दरांव गांव में गुरुवार को रात में सड़क के किनारे गड्ढे में पिंडहरा (पाण्डेय के पोखरा) गांव के 36 वर्षीय विजय शुक्ल का शव मिला। कोतवाली प्रभारी प्रवीन कुमार सिंह ने शुक्रवार को बताया कि घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। इस घटना से मृतक के घर और मोहल्ले में शोक का माहौल है।

न्यू ईयर पार्टी के बाद लापता हो गए थे विजय
विजय शुक्ल 31 दिसम्बर को एक रेस्टोरेंट में न्यू ईयर की पार्टी करने गए थे। इसके बाद वह लापता हो गए थे। परिवार के लोगों की खोजबीन के बाद भी जब कुछ पता नहीं चला तो परिजनों ने गुरुवार को मामले की जानकारी पुलिस को दी। विजय की बहन की तहरीर पर गुरुवार की शाम गुमशुदगी का मुकदमा दर्ज किया गया।

अंधेरे में नाले के गड्ढे में गिरने की आशंका
पुलिस के अनुसार, प्रथम दृष्टया आशंका है कि अंधेरा होने के कारण विजय नाले के गड्ढे में गिर गए, जिससे उनकी मौत हो गई। हालांकि पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच कर रही है। मौत का वास्तविक कारण पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद पता चल सकेगा। पुलिस यह भी पता लगा रही है कि न्यू ईयर पार्टी के बाद विजय किसके साथ था और वह वहां से कैसे और किस हालत में निकला।

नोट: अगर आपको यह खबर पसंद आई तो इसे शेयर करना न भूलें, देश-विदेश से जुड़ी ताजा अपडेट पाने के लिए कृपया Vnation के Facebook पेज को Like व Twitter पर Follow करना न भूलें...
Leave A Reply

Your email address will not be published.