अयोध्या में आधी रात श्रद्धालुओं की ट्रैक्टर-ट्रॉली को मारी टक्कर! हाईवे से गड्ढे में गिरी ट्रॉली, 18 लोग घायल

0 20

अयोध्या: उत्तर प्रदेश के अयोध्या में रविवार देर रात एक बड़ा सड़क हादसा हो गया। श्रद्धालुओं से भरी ट्रैक्टर-ट्रॉली को एक अज्ञात वाहन ने जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर के बाद ट्रैक्टर-ट्रॉली अनियंत्रित होकर हाईवे से नीचे गड्ढे में जा गिरी। हादसे में 18 श्रद्धालु घायल हो गए। सभी को तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया, जहां एक श्रद्धालु की हालत गंभीर होने पर उसे बाराबंकी जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया। हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई।

बाबा कोटवा धाम के दर्शन के लिए जा रहे थे श्रद्धालु

यह दुर्घटना रविवार देर रात करीब दो बजे पटरंगा थाना क्षेत्र में अशरफपुर गंगरेला स्थित कल्याणी नदी के पुल के पास हुई। जानकारी के मुताबिक, इनायतनगर क्षेत्र के पैथोली और दुबे का पुरवा गांव के श्रद्धालु ट्रैक्टर-ट्रॉली पर सवार होकर बाराबंकी जिले के बाबा कोटवा धाम में दर्शन करने जा रहे थे।

इसी दौरान हाईवे पर पीछे से आए एक अज्ञात वाहन ने ट्रैक्टर-ट्रॉली को टक्कर मार दी। टक्कर इतनी तेज थी कि चालक वाहन पर नियंत्रण नहीं रख सका और ट्रॉली सड़क से नीचे गड्ढे में जा गिरी।

ट्रॉली में फंसे लोगों को स्थानीय लोगों ने निकाला

हादसे के बाद घटनास्थल पर अफरा-तफरी मच गई। ट्रैक्टर-ट्रॉली में सवार श्रद्धालु घायल होकर अंदर फंस गए। उनकी चीख-पुकार सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और बचाव कार्य शुरू किया। स्थानीय लोगों की मदद से घायलों को बाहर निकाला गया और अस्पताल पहुंचाया गया।

सूचना मिलने पर पुलिस भी घटनास्थल पर पहुंची और राहत एवं बचाव कार्य में मदद की। सभी घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) बनीकोडर में भर्ती कराया गया। यहां एक श्रद्धालु की गंभीर हालत को देखते हुए उसे बाराबंकी जिला अस्पताल भेज दिया गया।

हादसे में ये 18 श्रद्धालु हुए घायल

दुर्घटना में आशावती, शांती देवी, तिवारी पुरवा के भगौती, चंद्रा देवी, दुर्गा प्रसाद, राजकुमार, तिलकराज, किरण, राजबाला, रामकुमारी, आशा देवी, संतोष कुमारी, शिवांश, नितिन दुबे, प्रियांशु और अमरेश समेत कुल 18 लोग घायल हुए हैं।

टक्कर मारने वाले वाहन की तलाश में जुटी पुलिस

हादसे के बाद टक्कर मारने वाला वाहन चालक मौके से फरार हो गया। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है और अज्ञात वाहन की तलाश की जा रही है। दुर्घटना के कारणों और वाहन की पहचान करने के लिए आसपास की जानकारी जुटाई जा रही है।

 

नोट: अगर आपको यह खबर पसंद आई तो इसे शेयर करना न भूलें, देश-विदेश से जुड़ी ताजा अपडेट पाने के लिए कृपया Vnation के Facebook पेज को Like व Twitter पर Follow करना न भूलें...
Leave A Reply

Your email address will not be published.