अयोध्या से जनकपुर धाम तक शुरू हुई साप्ताहिक एक्सप्रेस! गोरखपुर समेत इन स्टेशनों से होकर गुजरेगी ट्रेन, जानें पूरा शेड्यूल

0 32

गोरखपुर: भारत और नेपाल के बीच धार्मिक एवं सांस्कृतिक संबंधों को मजबूत करने के उद्देश्य से अयोध्या धाम जंक्शन से जनकपुर धाम तक साप्ताहिक एक्सप्रेस ट्रेन सेवा शुरू हो गई है। सोमवार को इस ट्रेन का संचालन शुरू किया जा रहा है। 15595/15596 नंबर की जनकपुर धाम-अयोध्या धाम जंक्शन-जनकपुर धाम साप्ताहिक एक्सप्रेस अयोध्या से दोपहर 12:30 बजे रवाना होगी। रास्ते में गोरखपुर समेत कई प्रमुख स्टेशनों पर ठहराव के बाद ट्रेन नेपाल के जनकपुर धाम पहुंचेगी।

अयोध्या से जनकपुर धाम तक का शेड्यूल

ट्रेन सोमवार को अयोध्या धाम जंक्शन से दोपहर 12:30 बजे प्रस्थान करेगी। शाम 5:40 बजे गोरखपुर पहुंचेगी। इसके बाद निर्धारित मार्ग से होते हुए मंगलवार सुबह 10 बजे जनकपुर धाम पहुंचेगी।

वापसी में ट्रेन मंगलवार को दोपहर 1 बजे जनकपुर धाम से रवाना होगी। रास्ते में विभिन्न स्टेशनों पर रुकते हुए बुधवार सुबह 4:05 बजे गोरखपुर पहुंचेगी। इसके बाद बस्ती और मनकापुर होते हुए सुबह 8:10 बजे अयोध्या धाम जंक्शन पहुंच जाएगी।

इन स्टेशनों से होकर गुजरेगी ट्रेन

उद्घाटन के लिए 04295 नंबर की विशेष ट्रेन सोमवार को अयोध्या धाम जंक्शन से दोपहर 12:30 बजे रवाना होगी। इसका रूट मनकापुर, बस्ती, गोरखपुर, नरकटियागंज, रक्सौल, सीतामढ़ी, शिशो, मधुबनी और जयनगर होते हुए जनकपुर धाम तक रहेगा।

वापसी में 04296 नंबर की विशेष ट्रेन मंगलवार को दोपहर 1 बजे जनकपुर धाम से चलेगी। यह जयनगर, मधुबनी, शिशो, सीतामढ़ी, रक्सौल और नरकटियागंज होते हुए बुधवार सुबह 4:05 बजे गोरखपुर पहुंचेगी। इसके बाद बस्ती और मनकापुर के रास्ते सुबह 8:10 बजे अयोध्या पहुंचेगी।

ट्रेन में होंगे कुल 17 कोच

पूर्वोत्तर रेलवे के मुख्य जनसंपर्क अधिकारी सुमित कुमार ने बताया कि इस साप्ताहिक एक्सप्रेस में कुल 17 कोच लगाए जाएंगे। इनमें शयनयान श्रेणी के सात, वातानुकूलित तृतीय श्रेणी के तीन, वातानुकूलित तृतीय इकोनॉमी श्रेणी के तीन और वातानुकूलित द्वितीय श्रेणी के दो कोच शामिल हैं। इसके अलावा एक जनरेटर सह लगेज यान और एक एलएसएलआरडी कोच भी लगाया जाएगा।

इस ट्रेन सेवा से अयोध्या और जनकपुर धाम के बीच आवागमन आसान होने के साथ ही भारत और नेपाल के बीच धार्मिक पर्यटन तथा सांस्कृतिक जुड़ाव को भी बढ़ावा मिलने की उम्मीद है।

नोट: अगर आपको यह खबर पसंद आई तो इसे शेयर करना न भूलें, देश-विदेश से जुड़ी ताजा अपडेट पाने के लिए कृपया Vnation के Facebook पेज को Like व Twitter पर Follow करना न भूलें...
Leave A Reply

Your email address will not be published.