थलपति विजय के खिलाफ बोलना DMK नेताओं को पड़ा भारी, सांसद ए राजा समेत 3 नेताओं पर दर्ज हुई FIR

0 22

चेन्नई: तमिलनाडु में मुख्यमंत्री थलपति विजय को लेकर सियासी बयानबाजी के बीच DMK नेताओं पर पुलिस कार्रवाई हुई है। मुख्यमंत्री विजय और राज्य के कानून मंत्री सीटीआर निर्मल कुमार के खिलाफ कथित तौर पर अपमानजनक टिप्पणी करने के आरोप में DMK के एक सांसद और दो विधायकों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है। पुलिस ने DMK सांसद ए राजा, विधायक पीके सेकरबाबू और विधायक वसंतम के कार्तिकेयन के खिलाफ FIR दर्ज की है।

12 सितंबर के विरोध प्रदर्शन से जुड़ा मामला

मामला 12 सितंबर को DMK की ओर से पूरे तमिलनाडु में आयोजित विरोध प्रदर्शन से जुड़ा है। इस दौरान मुख्यमंत्री विजय और कानून मंत्री सीटीआर निर्मल कुमार के खिलाफ कथित तौर पर आपत्तिजनक टिप्पणियां की गई थीं। अब पुलिस ने इन्हीं आरोपों के आधार पर DMK नेताओं के खिलाफ केस दर्ज किया है।

ए राजा पर लगाए गए ये आरोप

रिपोर्ट के मुताबिक, चेन्नई में DMK सांसद ए राजा पर मुख्यमंत्री विजय के खिलाफ कथित तौर पर अश्लील भाषा का इस्तेमाल करने, आपत्तिजनक बयान देने और शांति भंग करने की कोशिश के आरोप लगाए गए हैं। इससे पहले राजा ने कानून मंत्री के खिलाफ भी आपत्तिजनक शब्दों का इस्तेमाल किया था। हालांकि, पार्टी सांसद कनिमोझी की नसीहत के बाद उन्होंने अपना बयान वापस ले लिया था।

सेकरबाबू और कार्तिकेयन पर भी केस

चेन्नई पुलिस ने 12 सितंबर के प्रदर्शन के दौरान मुख्यमंत्री विजय के खिलाफ कथित अपमानजनक टिप्पणी करने के आरोप में DMK विधायक पीके सेकरबाबू के खिलाफ भी अलग मामला दर्ज किया है।

वहीं, कल्लाकुरिची में विधायक वसंतम के कार्तिकेयन के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की चार धाराओं के तहत केस दर्ज किया गया है।

विजय और DMK के बीच बढ़ा सियासी टकराव

तमिलनाडु में इन दिनों भ्रष्टाचार के आरोपों को लेकर मुख्यमंत्री विजय और DMK के बीच टकराव चल रहा है। DMK जहां विजय सरकार पर आरोप लगा रही है, वहीं विजय ने द्रमुक की पिछली सरकार की फाइलें खोलने की चेतावनी दी है।

विधानसभा में विजय ने DMK की पिछली सरकार के ‘मिस्टर क्लीन’ होने के दावे पर सवाल उठाए थे। उन्होंने ED के दस्तावेजों का हवाला देते हुए एमके स्टालिन और विपक्ष के नेता उधयनिधि स्टालिन को भी निशाने पर लिया था।

विधानसभा में इशारे को लेकर भी हुआ विवाद

विधानसभा में बोलते हुए विजय ने एमके स्टालिन के आपातकाल के दौरान जेल जाने का जिक्र किया था। इसी दौरान उन्होंने अपने हाथ को गाल पर रखकर एक इशारा किया। DMK ने आरोप लगाया कि विजय इस इशारे के जरिए स्टालिन के जबड़े पर आई चोट का मजाक उड़ा रहे थे।

स्टालिन ने भी विजय से पद की गरिमा बनाए रखने की अपील की थी। इसके बाद DMK की ओर से विरोध प्रदर्शन आयोजित किया गया था। अब इसी प्रदर्शन के दौरान कथित आपत्तिजनक टिप्पणियों को लेकर DMK के तीन नेताओं पर पुलिस कार्रवाई हुई है।

 

नोट: अगर आपको यह खबर पसंद आई तो इसे शेयर करना न भूलें, देश-विदेश से जुड़ी ताजा अपडेट पाने के लिए कृपया Vnation के Facebook पेज को LikeTwitter पर Follow करना न भूलें...
Leave A Reply

Your email address will not be published.