दिवाली से पहले यूपी के 70 हजार शिक्षकों को मिलेगा प्रमोशन का तोहफा, 10 साल बाद खुलेगा पदोन्नति का रास्ता

0 35

लखनऊ: उत्तर प्रदेश के परिषदीय प्राथमिक और उच्च प्राथमिक स्कूलों में कार्यरत करीब 70 हजार शिक्षकों के लिए बड़ी राहत की खबर है। पिछले 10 वर्षों से पदोन्नति का इंतजार कर रहे शिक्षकों को दिवाली से पहले प्रमोशन देने की तैयारी की जा रही है। बेसिक शिक्षा परिषद ने सभी जिलों के बेसिक शिक्षा अधिकारियों को शिक्षकों की वरिष्ठता सूची तैयार करने के निर्देश दिए हैं।

2016 के बाद नहीं हुई थी शिक्षकों की पदोन्नति

वर्ष 2016 के बाद परिषदीय प्राथमिक और उच्च प्राथमिक स्कूलों के शिक्षकों की पदोन्नति नहीं हुई है। अब लंबे इंतजार के बाद पदोन्नति की प्रक्रिया शुरू करने की तैयारी है।

परिषदीय प्राथमिक स्कूलों के शिक्षकों को प्राथमिक विद्यालय में प्रधानाध्यापक या उच्च प्राथमिक विद्यालय में सहायक अध्यापक के पद पर पदोन्नति दी जाती है। इसी तरह प्राथमिक विद्यालयों के प्रधानाध्यापकों और उच्च प्राथमिक विद्यालयों के सहायक अध्यापकों को उच्च प्राथमिक विद्यालय में प्रधानाध्यापक के पद पर पदोन्नत किया जाता है।

3.30 लाख शिक्षकों में करीब 70 हजार को मिलेगा लाभ

उत्तर प्रदेश में कुल करीब 3.30 लाख परिषदीय शिक्षक हैं। इनमें से लगभग 70 हजार शिक्षकों को पदोन्नति का लाभ मिलने की बात कही गई है।

शिक्षा का अधिकार अधिनियम के तहत परिषदीय प्राथमिक स्कूलों में 150 विद्यार्थियों पर प्रधानाध्यापक का पद स्वीकृत है। वहीं उच्च प्राथमिक विद्यालयों में 100 विद्यार्थियों पर प्रधानाध्यापक का पद स्वीकृत किया गया है।

जिलों को तीन सप्ताह में वरिष्ठता सूची बनाने के निर्देश

बेसिक शिक्षा परिषद के सचिव सुरेंद्र कुमार तिवारी ने सभी जिलों के बेसिक शिक्षा अधिकारियों को शिक्षकों की वरिष्ठता सूची तैयार करने के निर्देश दिए हैं। यह सूची तीन सप्ताह के भीतर तैयार करने को कहा गया है।

जिलों से शिक्षकों की वरिष्ठता सूची बेसिक शिक्षा परिषद के कार्यालय को 23 अक्टूबर तक भेजनी होगी। इसके बाद नवंबर से पदोन्नति की प्रक्रिया शुरू करने की तैयारी है।

शिक्षक संगठन ने जताया मुख्यमंत्री का आभार

राष्ट्रीय शैक्षिक महासंघ, उत्तर प्रदेश के प्रदेश अध्यक्ष शिव शंकर सिंह और प्रदेश मीडिया प्रभारी बृजेश श्रीवास्तव ने कहा कि शिक्षक लंबे समय से पदोन्नति की मांग कर रहे थे। संगठन की ओर से इस प्रक्रिया के लिए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ का आभार जताया गया है।

 

नोट: अगर आपको यह खबर पसंद आई तो इसे शेयर करना न भूलें, देश-विदेश से जुड़ी ताजा अपडेट पाने के लिए कृपया Vnation के Facebook पेज को Like व Twitter पर Follow करना न भूलें...
Leave A Reply

Your email address will not be published.