सोते पति का पत्नी ने दबा दिया गला, फिर दिन-रात रोकर मनाया मातम; 3 दिन बाद पोस्टमार्टम ने खोला हत्या का राज
फिरोजाबाद: उत्तर प्रदेश के फिरोजाबाद में एक युवक की संदिग्ध परिस्थितियों में हुई मौत का मामला तीन दिन बाद हत्या में बदल गया। पुलिस की जांच और पोस्टमार्टम रिपोर्ट में सामने आया कि युवक की हत्या उसकी पत्नी ने ही की थी। आरोप है कि पत्नी ने सोते समय उसका गला दबाकर जान ले ली और इसके बाद परिवार के सामने दिन-रात रोकर मातम मनाती रही। पुलिस ने आरोपी पत्नी को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है।
शराब को लेकर अक्सर होता था विवाद
मामला सिरसागंज थाना क्षेत्र के गांव गुरैया सोहेलपुर का है। यहां शुक्रवार देर रात शिवम उर्फ राहुल की घर में संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई थी। सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और परिजनों से पूछताछ की। पुलिस ने मृतक की पत्नी प्रीति से भी मौत की वजह जानने की कोशिश की, लेकिन वह अलग-अलग बातें बताती रही।
शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया। रिपोर्ट में गला घोंटकर हत्या किए जाने की पुष्टि हुई। इसके बाद मृतक की मां मुन्नी देवी ने अपनी पुत्रवधू प्रीति के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज कराया।
पांच साल पहले हुई थी शादी
प्रीति इटावा जिले के गांव उदयपुरा की रहने वाली है। उसकी शादी करीब पांच साल पहले फिरोजाबाद के गुरैया सोहेलपुर गांव निवासी शिवम उर्फ राहुल पुत्र बलवीर सिंह से हुई थी। शादी के बाद दोनों साथ रह रहे थे।
पुलिस जांच में सामने आया कि पति-पत्नी के बीच शराब पीने को लेकर अक्सर विवाद होता था। पुलिस के मुताबिक, शुक्रवार शाम भी शिवम शराब पीकर घर पहुंचा था। इस दौरान दोनों के बीच विवाद हुआ और मारपीट भी हुई।
सोते समय दबा दिया गला
पुलिस की पूछताछ में आरोपी पत्नी ने बताया कि विवाद के बाद रात में उसका पति घर की पहली मंजिल पर बने कमरे में जाकर सो गया। इसके बाद उसने अपने हाथों से पति का गला दबाकर उसकी हत्या कर दी।
थाना प्रभारी अनिल कुमार सिंह के अनुसार, शराब पीने को लेकर पति-पत्नी में विवाद हुआ था। इसी के चलते पत्नी ने पति की गला दबाकर हत्या कर दी। पुलिस ने आरोपी महिला को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है।
हत्या के बाद करती रही रोने का नाटक
पुलिस के मुताबिक, पति की हत्या करने के बाद आरोपी पत्नी ने किसी को शक नहीं होने दिया। वह परिजनों और रिश्तेदारों के सामने पति की मौत का दुख जताते हुए ससुराल में दिन-रात रोती रही और मातम मनाती रही।
हालांकि, पोस्टमार्टम रिपोर्ट में हत्या की बात सामने आने के बाद पुलिस ने महिला से सख्ती से पूछताछ की। पूछताछ में उसने हत्या की बात स्वीकार कर ली। पुलिस के अनुसार, आरोपी महिला को पति की हत्या का कोई पछतावा नहीं था।
तीन दिन बाद खुला हत्या का राज
शिवम की मौत शुक्रवार रात हुई थी। परिवार के शक और पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर पुलिस ने मामले की जांच आगे बढ़ाई। मंगलवार को मुखबिर की सूचना पर पुलिस ने आरोपी पत्नी को शेरपुरा तिराहा से गिरफ्तार कर लिया। पुलिस की पूछताछ के बाद हत्या की पूरी घटना सामने आई।