गोरखपुर में बनेगा यूपी का पहला वानिकी विश्वविद्यालय, 491 करोड़ होंगे खर्च; 19 नवंबर को सीएम योगी कर सकते हैं शिलान्यास

0 15
गोरखपुर: उत्तर प्रदेश को जल्द ही अपना पहला वानिकी एवं औद्यानिकी विश्वविद्यालय मिलने जा रहा है। गोरखपुर के कैंपियरगंज वन क्षेत्र स्थित भारीवैसी में 491 करोड़ रुपये की लागत से बनने वाले इस विश्वविद्यालय के शिलान्यास की तैयारियां तेज कर दी गई हैं। इसके लिए 123 एकड़ जमीन पर निर्माण स्थल को तैयार किया जा रहा है। संभावना है कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ 19 नवंबर को इस महत्वाकांक्षी परियोजना का शिलान्यास करेंगे। हालांकि, अभी कार्यक्रम की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।

123 एकड़ में तैयार होगा विश्वविद्यालय परिसर, कार्यक्रम की तैयारियां तेज

प्रस्तावित विश्वविद्यालय के परिसर में इन दिनों भूमि समतलीकरण का काम चल रहा है। इसके लिए बैकहो लोडर मशीनों की मदद ली जा रही है। वहीं, शिलान्यास कार्यक्रम के आयोजन के लिए जर्मन हैंगर टेंट का ढांचा भी तैयार कर लिया गया है। मजदूर इसे अंतिम रूप देने में जुटे हैं।

कार्यक्रम स्थल पर मुख्यमंत्री के लिए मुख्य मंच बनाया जा रहा है। इसके अलावा वीआईपी अतिथियों और जनप्रतिनिधियों के बैठने की व्यवस्था की जा रही है। आयोजन में करीब पांच हजार लोगों के शामिल होने की क्षमता वाला जर्मन हैंगर टेंट तैयार किया जा रहा है।

दो नवंबर को प्रस्तावित था शिलान्यास, अब 19 नवंबर की संभावना

वानिकी एवं औद्यानिकी विश्वविद्यालय का शिलान्यास पहले दो नवंबर को प्रस्तावित था, लेकिन अपरिहार्य कारणों से कार्यक्रम स्थगित करना पड़ा था। अब आयोजन की तैयारियां दोबारा शुरू कर दी गई हैं।

जिला वन अधिकारी शुभम सिंह के मुताबिक, मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ विश्वविद्यालय का शिलान्यास करेंगे। इसके लिए 19 नवंबर की संभावित तारीख तय मानी जा रही है और कार्यक्रम की तैयारियां चल रही हैं। हालांकि, अंतिम कार्यक्रम को लेकर आधिकारिक घोषणा का इंतजार है।

18 नवंबर को मंडलीय रबी कृषक गोष्ठी में भी आ सकते हैं सीएम योगी

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के गोरखपुर दौरे की संभावना 18 नवंबर को भी जताई जा रही है। इस दिन कृषि विभाग की ओर से गोरखपुर, बस्ती और आजमगढ़ मंडल की संयुक्त रबी कृषक गोष्ठी आयोजित की जाएगी। यह कार्यक्रम योगिराज बाबा गंभीरनाथ प्रेक्षागृह में प्रस्तावित है।

मंडलीय संयुक्त कृषि निदेशक की ओर से आयोजित इस गोष्ठी में कृषि विभाग समेत विभिन्न विभागों के मंडलीय अधिकारी शामिल होंगे। कार्यक्रम की तैयारियों को लेकर चरगांवा स्थित कार्यालय में बैठक भी हो चुकी है। इसमें अधिकारियों को अलग-अलग जिम्मेदारियां सौंपी गई हैं। मुख्यमंत्री के संभावित आगमन को देखते हुए आयोजन को भव्य बनाने की तैयारी की जा रही है।

 

नोट: अगर आपको यह खबर पसंद आई तो इसे शेयर करना न भूलें, देश-विदेश से जुड़ी ताजा अपडेट पाने के लिए कृपया Vnation के Facebook पेज को Like व Twitter पर Follow करना न भूलें...
Leave A Reply

Your email address will not be published.