बिसलेरी का पानी भी जांच में फेल! FSSAI ने पाया असुरक्षित, कंपनी के खिलाफ मुकदमा चलाने की मंजूरी

0 35

नई दिल्ली: देश के बड़े पैकेज्ड ड्रिंकिंग वाटर ब्रांडों में शामिल बिसलेरी की मुश्किलें बढ़ गई हैं। भारतीय खाद्य सुरक्षा एवं मानक प्राधिकरण (FSSAI) ने कंपनी के खिलाफ मुकदमा चलाने की मंजूरी दी है। जांच में बिसलेरी के पैकेज्ड ड्रिंकिंग वाटर का एक सैंपल असुरक्षित पाया गया। शुरुआती जांच में पानी में ब्रोमेट की मात्रा निर्धारित सीमा से अधिक मिली थी। कंपनी की ओर से रिपोर्ट के खिलाफ अपील किए जाने के बाद सैंपल को रेफरल फूड लेबोरेटरी भेजा गया, जहां जांच में पॉलीसाइक्लिक एरोमैटिक हाइड्रोकार्बन (PAH) की मौजूदगी भी सामने आई। इसके बाद सैंपल को दोबारा असुरक्षित घोषित किया गया।

FSSAI ने खाद्य सुरक्षा नियमों के उल्लंघन के मामलों में बिसलेरी इंटरनेशनल प्राइवेट लिमिटेड समेत पांच कंपनियों के खिलाफ मुकदमा चलाने की मंजूरी दी है। इसके अलावा खाद्य सुरक्षा और स्वच्छता से जुड़े गंभीर उल्लंघनों के चलते दो अन्य कंपनियों के लाइसेंस निलंबित किए गए हैं।

बिसलेरी के पानी में क्या मिली गड़बड़ी?

FSSAI की जांच में बिसलेरी के पैकेज्ड ड्रिंकिंग वाटर का सैंपल निर्धारित ब्रोमेट सीमा के अनुरूप नहीं पाया गया था। इसे खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम, 2006 के तहत असुरक्षित घोषित किया गया। कंपनी की अपील के बाद नमूने की जांच रेफरल फूड लेबोरेटरी में कराई गई। वहां पानी में पॉलीसाइक्लिक एरोमैटिक हाइड्रोकार्बन (PAH) पाए गए और सैंपल को फिर से असुरक्षित करार दिया गया। दोनों जांच रिपोर्ट के आधार पर प्राधिकरण ने कंपनी के खिलाफ मुकदमा शुरू करने की मंजूरी दी है।

इन चार कंपनियों पर भी चलेगा मुकदमा

बिसलेरी के अलावा वसंत मसाला प्राइवेट लिमिटेड, टिट-बिट फूड्स इंडिया प्राइवेट लिमिटेड, मीमांसा इंडस्ट्रीज और आशा कन्फेक्शनरी के खिलाफ भी मुकदमा चलाने की मंजूरी दी गई है। इन कंपनियों के उत्पादों की जांच में अलग-अलग तरह की खामियां सामने आई थीं।

मिर्च और हल्दी पाउडर में मिले तय सीमा से ज्यादा अवशेष

वसंत मसाला प्राइवेट लिमिटेड के मिर्च पाउडर में डिफेनोकोनाजोल नामक कीटनाशक अवशेष की मात्रा निर्धारित सीमा से अधिक पाई गई। वहीं, टिट-बिट फूड्स इंडिया प्राइवेट लिमिटेड के मिर्च पाउडर में भी कीटनाशक अवशेष और हल्दी पाउडर में टिन की मात्रा तय मानकों से ज्यादा मिली। इन गड़बड़ियों के आधार पर दोनों कंपनियों के खिलाफ कार्रवाई की गई है।

अखरोट और चॉकलेट कुकीज की गुणवत्ता पर भी सवाल

मीमांसा इंडस्ट्रीज प्राइवेट लिमिटेड के अखरोट की गिरी को घटिया गुणवत्ता का और असुरक्षित पाया गया। वहीं, आशा कन्फेक्शनरी की चॉकलेट से भरी कुकीज में चीनी की मात्रा को लेकर दी गई जानकारी गलत मिली। जांच में कुकीज को भी घटिया और असुरक्षित घोषित किया गया, जिसके बाद कंपनी के खिलाफ मुकदमा चलाने की मंजूरी दी गई।

दो कंपनियों के लाइसेंस निलंबित

FSSAI ने उर्मि लाइफसाइंसेज एलएलपी और गौर आयुर्वेदिक स्टोर के लाइसेंस भी निलंबित कर दिए हैं। इन कंपनियों के यहां खराब स्वच्छता व्यवस्था और दोबारा पैकिंग से जुड़ी समस्याएं सामने आई थीं। खाद्य सुरक्षा प्राधिकरण इस साल खाद्य कारोबार से जुड़ी कंपनियों और ई-कॉमर्स प्लेटफॉर्म की निगरानी बढ़ा रहा है। एनर्जी ड्रिंक और अल्कोहलिक बेवरेज बनाने वाली कंपनियां भी नियामक की जांच के दायरे में हैं।

 

नोट: अगर आपको यह खबर पसंद आई तो इसे शेयर करना न भूलें, देश-विदेश से जुड़ी ताजा अपडेट पाने के लिए कृपया Vnation के Facebook पेज को Like व Twitter पर Follow करना न भूलें...
Leave A Reply

Your email address will not be published.