लखनऊ में 72 घंटे के भीतर एक ही परिवार के तीन बच्चों की मौत से हड़कंप, हल्के बुखार के बाद बिगड़ी तबीयत; तीसरे बच्चे की जांच में मिले निमोनिया के लक्षण

0 28
लखनऊ: राजधानी के मलिहाबाद क्षेत्र के खंडसरा गांव में एक ही परिवार के तीन बच्चों की महज 72 घंटे के भीतर मौत हो गई। तीनों को शुरुआत में हल्का बुखार आया था, जिसके बाद उनकी तबीयत अचानक बिगड़ती चली गई। परिजनों का दावा है कि मौत के समय बच्चों की नाक और मुंह से खून निकला था। लगातार हुई इन मौतों के बाद स्वास्थ्य विभाग और पुलिस की टीम जांच में जुट गई है। शुरुआती जांच में तीसरे बच्चे की रक्त जांच में टाइफाइड, डेंगू और मलेरिया की पुष्टि नहीं हुई, जबकि छाती के एक्स-रे में दोनों फेफड़ों में गंभीर निमोनिया के लक्षण मिले हैं। हालांकि, तीनों बच्चों की मौत की असली वजह अभी स्पष्ट नहीं है।

तीन से दस साल तक के बच्चों की बारी-बारी से गई जान

जानकारी के मुताबिक, किसान आशीष कुमार के सबसे छोटे बेटे दिव्यांश (3) की 9 नवंबर को दोपहर करीब ढाई बजे अचानक तबीयत बिगड़ गई। वह खेल रहा था, तभी उसे हल्का बुखार आया। परिजन उसे अस्पताल लेकर जा रहे थे, लेकिन रास्ते में ही उसकी मौत हो गई।

इसके अगले दिन 10 नवंबर को सात वर्षीय बेटे कार्तिक की भी तबीयत इसी तरह बिगड़ी और उसने दम तोड़ दिया। दोनों बच्चों की मौत के बाद परिवार ने उनका अंतिम संस्कार कर दिया था।

इसी बीच 10 नवंबर की रात परिवार की 10 वर्षीय बेटी लक्ष्मी को बुखार के साथ पेट दर्द की शिकायत हुई। हालत बिगड़ने पर उसे दुबग्गा स्थित एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया। गुरुवार सुबह डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। लगातार तीसरे बच्चे की मौत के बाद गांव में हड़कंप मच गया।

तीसरी मौत के बाद गांव पहुंची स्वास्थ्य विभाग की टीम

एक ही परिवार में तीन बच्चों की मौत के बाद स्वास्थ्य विभाग ने गांव का दौरा किया। सीएमओ डॉ. एनबी सिंह के निर्देश पर गुरुवार को अधिकारियों और विशेषज्ञों की टीम खंडसरा पहुंची। टीम ने पीड़ित परिवार से मुलाकात की और पूरे मामले की जानकारी जुटाई।

इस टीम में अपर मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. बीएन यादव, जिला सर्विलांस अधिकारी डॉ. निशांत निर्वाण, पब्लिक हेल्थ एक्सपर्ट डॉ. अतुल वर्मा और सीएचसी माल के अधीक्षक डॉ. धनंजय कुशवाहा शामिल थे।

तीसरे बच्चे की रिपोर्ट में निमोनिया के संकेत

स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों के मुताबिक, तीसरे बच्चे की रक्त जांच में टाइफाइड, डेंगू और मलेरिया की पुष्टि नहीं हुई है। वहीं, छाती के एक्स-रे में दोनों फेफड़ों में गंभीर निमोनिया के लक्षण सामने आए हैं।

अधिकारियों ने फूड पॉइजनिंग की आशंका भी जताई है, लेकिन अभी किसी एक वजह को मौतों का कारण नहीं माना गया है। तीसरे बच्चे का पोस्टमार्टम कराया जा रहा है। सीएमओ डॉ. एनबी सिंह के अनुसार, पोस्टमार्टम रिपोर्ट और अन्य चिकित्सकीय जांच के बाद ही मौत की वास्तविक वजह स्पष्ट हो सकेगी।

दो बच्चों के शव निकलवाने पर भी हो सकता है विचार

मलिहाबाद इंस्पेक्टर सुरेंद्र सिंह भाटी के मुताबिक, परिजनों ने तीनों बच्चों की मौत से पहले एक जैसी परिस्थितियां बताई हैं। फिलहाल किसी पर कोई आरोप नहीं लगाया गया है। तीसरी बच्ची का शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। जरूरत पड़ने पर पहले अंतिम संस्कार किए जा चुके दोनों बच्चों के शव निकलवाकर पोस्टमार्टम कराया जा सकता है।

एक ही परिवार में लगातार तीन बच्चों की मौत ने स्वास्थ्य विभाग की शुरुआती निगरानी और समय पर जांच को लेकर भी सवाल खड़े किए हैं। अब पुलिस और स्वास्थ्य विभाग की जांच रिपोर्ट से ही पता चल सकेगा कि इन मौतों के पीछे संक्रमण, निमोनिया, फूड पॉइजनिंग या कोई अन्य वजह थी।

 

नोट: अगर आपको यह खबर पसंद आई तो इसे शेयर करना न भूलें, देश-विदेश से जुड़ी ताजा अपडेट पाने के लिए कृपया Vnation के Facebook पेज को Like व Twitter पर Follow करना न भूलें...
Leave A Reply

Your email address will not be published.