जर्मनी में आग से तीन भारतीयों की मौत, हत्या के शक में रोमानियाई नागरिक गिरफ्तार; 5 लोग गंभीर रूप से घायल
सुबह करीब 4:15 बजे रिहायशी इमारत में लगी आग
जर्मन मीडिया की रिपोर्ट के मुताबिक, घटना मंगलवार तड़के करीब 4:15 बजे बोखुम के हॉफस्टेड इलाके में हुई। रिहायशी इमारत में आग लगने की सूचना मिलते ही दमकलकर्मी मौके पर पहुंचे और बचाव अभियान शुरू किया। इसी दौरान दूसरी मंजिल पर स्थित एक फ्लैट से तीन लोगों के शव बरामद किए गए।
मृतकों की उम्र 25, 26 और 27 वर्ष बताई गई है। इनमें 25 और 27 साल की दो महिलाएं थीं, जबकि तीसरा मृतक 26 वर्षीय पुरुष था। तीनों भारतीय नागरिक थे।
धुएं की चपेट में आए पांच लोग, अस्पताल में भर्ती
आग लगने के कारण इमारत में मौजूद पांच अन्य लोग भी धुएं की चपेट में आ गए। उन्हें इलाज के लिए बोखुम के अस्पतालों में भर्ती कराया गया है। पुलिस ने शुरुआती जांच में तकनीकी खराबी के कारण आग लगने की आशंका को खारिज कर दिया है। ऐसे में अब आग लगने की परिस्थितियों और संभावित आपराधिक साजिश के पहलुओं की जांच की जा रही है।
हत्या के संदेह में 41 वर्षीय रोमानियाई नागरिक गिरफ्तार
पुलिस ने प्रारंभिक जांच और पूछताछ के आधार पर इमारत में रहने वाले 41 वर्षीय रोमानियाई नागरिक को गिरफ्तार किया है। जांचकर्ता यह पता लगाने की कोशिश कर रहे हैं कि आग गलती से लगी थी या किसी ने जानबूझकर इसे अंजाम दिया। मामले में हत्या की आशंका समेत आग लगने के कारणों की पड़ताल जारी है। फिलहाल, आरोपी की गिरफ्तारी को लेकर सामने आई जानकारी के अलावा उसकी भूमिका के बारे में अंतिम निष्कर्ष सामने नहीं आया है।
मृतकों की पहचान और आग के कारणों का पता लगाने में जुटी पुलिस
स्थानीय मीडिया रिपोर्टों में अभी तक तीनों मृतकों के नाम और उनके गृह राज्यों की जानकारी सामने नहीं आई है। आग में घायल हुए पांच लोगों की राष्ट्रीयता भी स्पष्ट नहीं की गई है। पुलिस घटना से जुड़े सभी पहलुओं की जांच कर रही है, ताकि आग लगने की असली वजह का पता लगाया जा सके। जांच पूरी होने के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा कि यह हादसा था या जानबूझकर की गई आगजनी का मामला।