दिल्ली में बारिश बना काल! पानी से भरे गड्ढे में डूबने से 7 साल के मासूम की मौत, छोटे भाई के साथ घर से निकला था
नई दिल्ली: राजधानी दिल्ली में लगातार हो रही बारिश के बीच एक दर्दनाक हादसा सामने आया है। समयपुर बादली इलाके में बारिश के पानी से भरे गड्ढे में डूबने से सात वर्षीय बच्चे की मौत हो गई। मृतक तीसरी कक्षा का छात्र था और गुरुवार सुबह अपने छोटे भाई के साथ घर से शौच के लिए निकला था।
पानी भरे गड्ढे में डूबा मासूम
पुलिस के अनुसार, संजय कॉलोनी निवासी रेहान सुबह करीब 8:30 बजे अपने पांच वर्षीय भाई के साथ घर से निकला था। इलाके के एक खाली भूखंड में पिछले दो दिनों की बारिश के कारण काफी पानी जमा था। इसी दौरान रेहान अधिक पानी वाले हिस्से में चला गया और डूब गया, जबकि उसका छोटा भाई वापस घर लौट आया।
परिजनों ने दो घंटे तक की तलाश
जब रेहान काफी देर तक घर नहीं लौटा तो परिजनों ने उसकी तलाश शुरू की और पुलिस को सूचना दी। खोजबीन के दौरान घटना स्थल के पास बच्चे की पानी की बोतल मिली, जिसके बाद परिजनों को अनहोनी की आशंका हुई। परिवार और स्थानीय लोगों ने पानी में तलाश की, जहां से रेहान को बाहर निकाला गया।
उसे तत्काल बुराड़ी अस्पताल ले जाया गया, लेकिन डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
परिजनों ने लापरवाही का लगाया आरोप
मृतक की मां ने बताया कि यदि खाली भूखंड में बारिश का पानी जमा नहीं होता तो उनका बेटा आज जीवित होता। परिजनों का कहना है कि लावारिस पड़े भूखंड में जलभराव की स्थिति ने इस हादसे को जन्म दिया। परिवार ने इसे गंभीर लापरवाही का परिणाम बताया है।
पुलिस ने शुरू की कानूनी कार्रवाई
पुलिस ने बताया कि मामले में भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता की धारा 194 के तहत आवश्यक कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी गई है। सभी औपचारिकताएं पूरी होने के बाद बच्चे का शव परिजनों को सौंप दिया गया। प्रारंभिक जांच में पुलिस ने इसे दुर्घटनावश डूबने का मामला माना है और किसी साजिश की आशंका से इनकार किया है।
बारिश के बाद कई इलाकों में जलभराव
पिछले दो दिनों से दिल्ली में हो रही लगातार बारिश के कारण शहर के कई निचले इलाकों में जलभराव की स्थिति बनी हुई है। इसी बीच समयपुर बादली में हुआ यह हादसा बारिश के दौरान खुले और पानी से भरे भूखंडों की सुरक्षा को लेकर गंभीर सवाल खड़े कर रहा है।