दिल्ली से महाराष्ट्र तक बिगड़ा मौसम का मिजाज, भारी बारिश के साथ 75 KM प्रति घंटे तक तूफानी हवाओं का अलर्ट

0 17

दिल्ली: देश के कई हिस्सों में मौसम का मिजाज बदल गया है। मौसम विभाग ने दिल्ली समेत कई राज्यों में बारिश और तेज हवाओं को लेकर चेतावनी जारी की है। कहीं भारी बारिश की संभावना है तो कहीं आंधी के साथ तेज बौछारें पड़ सकती हैं। कुछ इलाकों में हवाओं की रफ्तार 75 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंचने का अनुमान है।

दिल्ली में बादल छाए रहने के साथ बारिश की संभावना

राजधानी में 16 सितंबर को आसमान में बादल छाए रहने की संभावना है। कुछ इलाकों में हल्की बारिश या बूंदाबांदी हो सकती है। इस दौरान 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने का अनुमान है। दिल्ली में दिन का तापमान करीब 34 डिग्री और रात का तापमान 24 डिग्री सेल्सियस रह सकता है।

महाराष्ट्र के कई जिलों में भारी बारिश का अलर्ट

महाराष्ट्र के गढ़चिरौली, नंदुरबार, धुले, ठाणे और नासिक समेत कई जिलों में भारी बारिश की चेतावनी जारी की गई है। बारिश के दौरान तेज हवाएं भी परेशान कर सकती हैं। इन इलाकों में हवाओं की रफ्तार 70 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंचने की आशंका है। मुंबई में अधिकतम तापमान 29 डिग्री और न्यूनतम तापमान करीब 26 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है।

मध्य प्रदेश में बारिश के साथ आंधी का खतरा

मध्य प्रदेश के कई जिलों में भी मौसम खराब रहने की संभावना है। देवास, बैतूल, हरदा, धार, विदिशा, छिंदवाड़ा, बालाघाट, गुना, उज्जैन, उमरिया, सिवनी, मंडला और जबलपुर समेत कई इलाकों में मध्यम से भारी बारिश हो सकती है। इस दौरान करीब 60 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने और आंधी आने की आशंका है। भोपाल में अधिकतम तापमान 27 डिग्री और न्यूनतम तापमान 24 डिग्री सेल्सियस रह सकता है।

राजस्थान में अगले 3 से 4 दिन बारिश का दौर

राजस्थान में बारिश का सिलसिला अभी थमता नजर नहीं आ रहा है। जयपुर, उदयपुर, अजमेर, कोटा, भरतपुर, श्रीगंगानगर, हनुमानगढ़, चूरू और शेखावाटी क्षेत्र में अगले 3 से 4 दिनों तक हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है। इस दौरान 40 से 45 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चलने की संभावना है। जयपुर में अधिकतम तापमान 33 डिग्री और न्यूनतम तापमान 25 डिग्री सेल्सियस के आसपास रह सकता है।

गुजरात में बारिश के साथ तेज हवाओं की चेतावनी

गुजरात के पंचमहल, दाहोद, अरावली, खेड़ा, आनंद, महिसागर और साबरकांठा में बारिश के साथ तेज आंधी की आशंका जताई गई है। इन इलाकों में हवाओं की रफ्तार करीब 50 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंच सकती है। गांधीनगर में अधिकतम तापमान 32 डिग्री और न्यूनतम तापमान 26 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है।

तमिलनाडु के कई जिलों में भारी बारिश की संभावना

तमिलनाडु के भी कई जिले बारिश की चपेट में रह सकते हैं। नीलगिरी, कोयंबटूर, इरोड, सलेम, कृष्णागिरी, धर्मपुरी, वेल्लोर, तिरुपत्तूर, रानीपेट, मदुरै, डिंडीगुल, विरुधुनगर, शिवगंगा, तिरुवन्नामलाई और तंजावुर में भारी बारिश की चेतावनी जारी की गई है।

 

नोट: अगर आपको यह खबर पसंद आई तो इसे शेयर करना न भूलें, देश-विदेश से जुड़ी ताजा अपडेट पाने के लिए कृपया Vnation के Facebook पेज को LikeTwitter पर Follow करना न भूलें...
Leave A Reply

Your email address will not be published.