बलरामपुर में कोहरे का कहर! दो बाइकों की आमने-सामने भिड़ंत, 5 युवकों की मौत से मचा कोहराम

0 38

बलरामपुर: उत्तर प्रदेश के बलरामपुर में बुधवार देर रात घने कोहरे ने पांच परिवारों की खुशियां छीन लीं। उतरौला थाना क्षेत्र के अक्सीबड़हरा गांव के पास दो मोटरसाइकिलों की आमने-सामने जोरदार टक्कर हो गई। हादसे में पांच युवकों की मौत हो गई, जबकि दो अन्य गंभीर रूप से घायल हैं। टक्कर इतनी भीषण थी कि दोनों बाइक बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गईं। घटना के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई। सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासन की टीमें राहत कार्य में जुट गईं।

घने कोहरे के बीच दो बाइकों की टक्कर

जानकारी के मुताबिक, 18 नवंबर की रात करीब 11 बजे बलरामपुर-उतरौला मार्ग पर यह दुर्घटना हुई। अक्सीबड़हरा गांव के पास कम दृश्यता के बीच टीवीएस स्पोर्ट और टीवीएस राइडर मोटरसाइकिलों की आमने-सामने भिड़ंत हो गई। शुरुआती पुलिस जांच में घने कोहरे को हादसे की संभावित वजह माना जा रहा है। बताया गया है कि टक्कर के दौरान कुछ पैदल राहगीर भी इसकी चपेट में आ गए। भिड़ंत इतनी जबरदस्त थी कि बाइक सवार उछलकर सड़क पर दूर जा गिरे।

पांच युवकों की मौत, दो की हालत गंभीर

इस दुर्घटना में जान गंवाने वालों की पहचान गुफरान (18), सलीम, रहमत (30), तौफीक (19) और मोहम्मद फारूक (20) के रूप में हुई है। सभी बलरामपुर जिले के निवासी थे। वहीं, बड़हरा खुर्द के रहने वाले मुजम्मिल खान (20) और नाहिद अली (18) गंभीर रूप से घायल हो गए।

हादसे की सूचना पर पहुंची उतरौला पुलिस ने घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया। प्राथमिक उपचार के बाद दोनों की गंभीर हालत को देखते हुए डॉक्टरों ने उन्हें बेहतर इलाज के लिए उच्च चिकित्सा संस्थान रेफर कर दिया।

एसपी ने घटनास्थल का किया निरीक्षण, पोस्टमार्टम के लिए भेजे गए शव

पांच युवकों की मौत की खबर मिलते ही बलरामपुर के पुलिस अधीक्षक मार्तण्ड प्रकाश सिंह घटनास्थल पहुंचे। उन्होंने दुर्घटनास्थल का निरीक्षण करने के बाद अस्पताल जाकर घायलों के उपचार की जानकारी भी ली। एसपी ने संबंधित अधिकारियों को मामले की जांच और जरूरी कानूनी कार्रवाई के निर्देश दिए हैं।

पुलिस ने मौके से दो क्षतिग्रस्त हेलमेट सहित अन्य साक्ष्य जुटाए हैं। सभी मृतकों के शव पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेज दिए गए हैं। फिलहाल पुलिस दुर्घटना के कारणों की विस्तृत जांच कर रही है। उधर, पांच युवकों की मौत से उनके परिवारों में मातम पसरा है।

सीएम योगी ने लिया हादसे का संज्ञान, अधिकारियों को दिए निर्देश

बलरामपुर की इस दर्दनाक घटना पर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने भी संज्ञान लिया है। उन्होंने मृतकों के परिजनों के प्रति गहरी संवेदना व्यक्त की और प्रशासनिक अधिकारियों को तत्काल मौके पर पहुंचकर राहत एवं बचाव कार्य में तेजी लाने के निर्देश दिए।

मुख्यमंत्री ने अधिकारियों से पीड़ित परिवारों के संपर्क में रहने और उन्हें हर संभव सहायता उपलब्ध कराने को कहा है। साथ ही घायलों के समुचित उपचार की व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं और उनके जल्द स्वस्थ होने की कामना की है।

 

नोट: अगर आपको यह खबर पसंद आई तो इसे शेयर करना न भूलें, देश-विदेश से जुड़ी ताजा अपडेट पाने के लिए कृपया Vnation के Facebook पेज को Like व Twitter पर Follow करना न भूलें...
Leave A Reply

Your email address will not be published.