योग दिवस से पहले गौतमबुद्धनगर में दिखा जबरदस्त उत्साह, स्टेडियम से कॉलेजों तक गूंजा योग का संदेश

0 26

गौतम बुद्ध नगर: 12वें अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर आयुष विभाग द्वारा आयोजित योग सप्ताह के छठे दिन जिले भर में योग अभ्यास शिविरों और जनजागरूकता कार्यक्रमों का उत्साहपूर्ण आयोजन किया गया। विभिन्न स्थानों पर आयोजित कार्यक्रमों में विद्यार्थियों, वरिष्ठ नागरिकों, शिक्षकों, कर्मचारियों और आमजन ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया तथा नियमित योग को जीवन का हिस्सा बनाने का संकल्प लिया।

ग्रेटर नोएडा के मलकपुर स्टेडियम में आयोजित योग सत्र में प्रभारी जिला क्रीड़ा अधिकारी डॉ. परवेज अली की मौजूदगी रही। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में प्रतिभागियों ने योगाभ्यास किया और स्वस्थ जीवनशैली अपनाने का संदेश दिया।

वृद्धाश्रमों में भी हुआ विशेष योग शिविर का आयोजन

योग सप्ताह के तहत प्राचीन डाकिया बाबा मंदिर स्थित वृद्धाश्रम, सिग्मा-3 ग्रेटर नोएडा में विशेष योग शिविर आयोजित किया गया। वहीं रामलाल वृद्धाश्रम में भी योग अभ्यास कार्यक्रम संपन्न हुआ, जिसमें संस्था के अध्यक्ष शिव प्रसाद शर्मा उपस्थित रहे। वरिष्ठ नागरिकों ने योगाभ्यास कर बेहतर स्वास्थ्य और मानसिक संतुलन के महत्व को समझा।

कॉलेजों और विश्वविद्यालयों में छात्रों ने लिया योग अपनाने का संकल्प

जिले के विभिन्न शिक्षण संस्थानों में भी योग सप्ताह के अंतर्गत विशेष कार्यक्रम आयोजित किए गए। गलगोटिया कॉलेज परिसर में प्रशासनिक प्रमुख अभिषेक मिश्रा की उपस्थिति में योगाभ्यास कराया गया। वहीं एमिटी विश्वविद्यालय ग्रेटर नोएडा में निदेशक प्रो. (डॉ.) अजय राणा तथा जी.एल. बजाज इंस्टीट्यूट ऑफ टेक्नोलॉजी एंड मैनेजमेंट में विद्यार्थियों के अधिष्ठाता डॉ. महावीर सिंह नरूका की मौजूदगी में योग सत्र आयोजित हुए।

इन कार्यक्रमों में विद्यार्थियों, शिक्षकों और कर्मचारियों ने बड़ी संख्या में भाग लिया और योग को दैनिक जीवन में शामिल करने का संकल्प लिया।

योग प्रशिक्षकों ने बताए शारीरिक और मानसिक लाभ

आयुष विभाग के योग प्रशिक्षक कुलभूषण धर दुबे और मनीष धर दुबे ने विभिन्न शिविरों में प्रतिभागियों को योगाभ्यास कराया। उन्होंने योग के शारीरिक, मानसिक और सामाजिक लाभों की विस्तृत जानकारी देते हुए नियमित अभ्यास के महत्व पर जोर दिया।

इसके साथ ही जिले के विभिन्न आयुर्वेदिक चिकित्सालयों में तैनात चिकित्सकों, फार्मासिस्टों और कर्मचारियों ने भी योग शिविर आयोजित कर लोगों को योग के प्रति जागरूक किया।

21 जून को होगा भव्य योगाभ्यास कार्यक्रम

क्षेत्रीय आयुर्वेदिक एवं यूनानी अधिकारी डॉ. वंदना रानी ने बताया कि 21 जून 2026 को 12वें अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर जिले में भव्य योगाभ्यास कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। मुख्य कार्यक्रम शहीद विजय सिंह पथिक स्टेडियम, ग्रेटर नोएडा और सेक्टर-21 नोएडा स्थित इनडोर स्टेडियम में आयोजित होगा।

इन आयोजनों में जनप्रतिनिधियों, प्रशासनिक अधिकारियों, योग प्रशिक्षकों, विभिन्न संस्थानों के प्रतिनिधियों, विद्यार्थियों, कर्मचारियों और आम नागरिकों की व्यापक भागीदारी रहेगी। उन्होंने जनपदवासियों से अधिक से अधिक संख्या में कार्यक्रम में शामिल होकर योग को अपने दैनिक जीवन का हिस्सा बनाने की अपील की।

 

नोट: अगर आपको यह खबर पसंद आई तो इसे शेयर करना न भूलें, देश-विदेश से जुड़ी ताजा अपडेट पाने के लिए कृपया Vnation के Facebook पेज को LikeTwitter पर Follow करना न भूलें...
Leave A Reply

Your email address will not be published.