किचन से उठीं लपटें, देखते ही देखते कमरे तक पहुंची आग
हादसा बाबरी थाना क्षेत्र के कैड़ी गांव में हुआ। पुलिस के मुताबिक, गांव निवासी साजिद (35) अपने परिवार के साथ मकान में रहते हैं। घर में दो कमरे, एक रसोई और एक हॉल है। बुधवार रात साजिद अपने दोनों बेटों के साथ एक कमरे में सो रहे थे। वहीं, उनकी पत्नी शाहिदा अपनी दोनों बेटियों के साथ रसोई से सटे दूसरे कमरे में थीं।
रात करीब 12 बजे अचानक रसोई में आग लग गई। लपटें तेजी से फैलती हुई पास के कमरे तक पहुंच गईं। आग इतनी विकराल हो गई कि शाहिदा और उनकी दोनों बेटियों को बाहर निकलने का मौका तक नहीं मिला।
चीखें सुनकर जागे पति और बेटे, लेकिन नहीं बचा सके जान
कमरे से चीख-पुकार सुनकर साजिद और उनके दोनों बेटों की नींद खुली। तीनों तुरंत आग की चपेट में आए कमरे की ओर दौड़े और मां-बेटियों को बचाने की कोशिश की। उन्होंने आग बुझाने का भी प्रयास किया, लेकिन लपटें इतनी तेज थीं कि कमरे के भीतर जाना संभव नहीं हो सका। देखते ही देखते शाहिदा और उनकी दोनों बेटियों की मौत हो गई।
दमकल ने कड़ी मशक्कत के बाद आग पर पाया काबू
घटना की सूचना डायल-112 के जरिए बाबरी थाना पुलिस और दमकल विभाग को दी गई। दमकल टीम के पहुंचने से पहले ग्रामीणों ने भी आग बुझाने की कोशिश की, लेकिन आग की तीव्रता के कारण उन्हें सफलता नहीं मिली। बाद में मौके पर पहुंची फायर ब्रिगेड की टीम ने काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया।
बाबरी थाना प्रभारी निरीक्षक राजेंद्र कुमार के मुताबिक, पुलिस ने तीनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है।
शॉर्ट-सर्किट के बाद सिलेंडर ब्लास्ट की आशंका, जांच जारी
पुलिस की शुरुआती जांच में आशंका जताई गई है कि रसोई में शॉर्ट-सर्किट हुआ, जिसके बाद गैस सिलेंडर में विस्फोट होने से आग ने भयावह रूप ले लिया। हालांकि, हादसे की वास्तविक वजह अभी स्पष्ट नहीं है। पुलिस का कहना है कि फॉरेंसिक और तकनीकी जांच पूरी होने के बाद ही आग लगने के कारणों की पुष्टि हो सकेगी।
एक ही परिवार के तीन सदस्यों की मौत से कैड़ी गांव में शोक का माहौल है।