सिक्किम में भूस्खलन की चपेट में आने से 4 की मौत, 3 लोग अभी भी लापता

0 112

गंगटोक: सिक्किम के पश्चिमी हिस्से में यांगथांग विधानसभा क्षेत्र के तहत आने वाले अपर रिम्बी में गुरुवार रात को एक भीषण भूस्खलन ने काफी तबाही मचाई है। इस हादसे में कम से कम 4 लोगों की जान चली गई, जबकि 3 लोग अभी भी लापता हैं। पुलिस के मुताबिक, भूस्खलन की चपेट में आने से 3 लोगों की मौके पर ही मौत हो गई थी। इसके बाद पुलिस, स्थानीय लोगों और सशस्त्र सीमा बल (SSB) के जवानों ने मिलकर राहत और बचाव कार्य शुरू किया।

ह्मयूम नदी से निकाली गईं 2 महिलाएं
पुलिस ने बाढ़ से प्रभावित ह्यूम नदी पर पेड़ों के तनों से एक अस्थायी पुल बनाकर 2 घायल महिलाओं को सुरक्षित निकाला। दोनों को तुरंत जिला अस्पताल ले जाया गया, लेकिन अफसोस की बात है कि एक महिला ने इलाज के दौरान दम तोड़ दिया। दूसरी महिला की हालत अभी भी नाजुक बनी हुई है। गेजिंग के पुलिस अधीक्षक त्शेरिंग शेरपा ने बताया, ‘हमने मुश्किल हालात में भी बचाव कार्य किया, लेकिन 3 लोग अभी भी लापता हैं। उनकी तलाश जारी है।’

सोमवार को भी हुआ था भूस्खलन
बता दें कि इससे पहले सिक्किम के ग्यालशिंग जिले में सोमवार आधी रात को एक और भूस्खलन ने कहर बरपाया था। इस हादसे में थांगशिंग गांव की 45 साल की बिश्नु माया पोर्टेल की मौत हो गई थी। पुलिस ने बताया कि भारी बारिश के कारण यह भूस्खलन हुआ, जिसने बिश्नु के घर को पूरी तरह तबाह कर दिया। इस हादसे ने पूरे इलाके में दहशत फैला दी।

प्रशासन ने की सतर्क रहने की अपील
लगातार हो रहे भूस्खलनों के खतरे को देखते हुए जिला प्रशासन ने भूस्खलन-प्रवण इलाकों में रहने वाले लोगों के लिए एक एडवाइजरी जारी की है। प्रशासन ने लोगों से सतर्क रहने और सुरक्षा नियमों का पालन करने की अपील की है। अधिकारियों ने कहा कि भारी बारिश के कारण और भूस्खलन होने का खतरा बना हुआ है, इसलिए लोग सुरक्षित स्थानों पर रहें और जरूरी सावधानियां बरतें।

नोट: अगर आपको यह खबर पसंद आई तो इसे शेयर करना न भूलें, देश-विदेश से जुड़ी ताजा अपडेट पाने के लिए कृपया Vnation के Facebook पेज को LikeTwitter पर Follow करना न भूलें...
Leave A Reply

Your email address will not be published.