गुटखे के बचे 5 रुपये की टॉफी खा गया 6 साल का मासूम, मां ने गर्म चाकू से दागे पैर; फिर कमरे में बंद कर चली गई पार्टी में

0 17

फतेहपुर: उत्तर प्रदेश के फतेहपुर से छह साल के बच्चे के साथ क्रूरता का हैरान करने वाला मामला सामने आया है। राधानगर क्षेत्र के फुलवामऊ गांव में महज पांच रुपये की टॉफी खाने पर एक मां ने कथित तौर पर अपने बेटे के दोनों तलवों को गर्म चाकू से दाग दिया। इसके बाद दर्द से कराह रहे बच्चे को कमरे में बंद कर बाहर से ताला लगा दिया और खुद पड़ोसी के घर जन्मदिन की पार्टी में चली गई। बच्चे के रोने की आवाज सुनकर पड़ोसियों को घटना की जानकारी हुई। पुलिस ने बच्चे को अस्पताल भेजकर पिता की तहरीर पर आरोपी मां के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

20 रुपये देकर गुटखा लाने भेजा था

पुलिस के मुताबिक राधानगर के फुलवामऊ गांव निवासी विनय निजी कंपनी में इंदौर में नौकरी करते हैं। गांव में उनकी पत्नी गुड़िया देवी अपने छह साल के बेटे शुभ के साथ रहती हैं। शुक्रवार को गुड़िया देवी ने शुभ को 20 रुपये देकर गुटखा लाने के लिए भेजा था। बच्चे ने 15 रुपये का गुटखा खरीदा और बचे हुए पांच रुपये की टॉफी खा ली।

घर लौटने के बाद जब मां को पता चला कि शुभ ने बचे हुए पांच रुपये की टॉफी खरीदकर खा ली है तो वह कथित तौर पर गुस्से में आ गई। आरोप है कि उसने पहले बच्चे की पिटाई की और इसके बाद गैस पर चाकू गर्म करके उसके दोनों तलवों को दाग दिया।

घायल बच्चे को कमरे में बंद कर पार्टी में चली गई

आरोप है कि बच्चे के पैरों को दागने के बाद भी मां का गुस्सा शांत नहीं हुआ। उसने दर्द से तड़प रहे शुभ को एक कमरे में बंद कर दिया और बाहर से ताला लगा दिया। इसके बाद वह पड़ोसी राजकुमार सिंह चौहान के घर आयोजित जन्मदिन की पार्टी में शामिल होने चली गई।

कमरे में बंद मासूम दर्द के कारण रोता और सिसकता रहा। कुछ देर बाद पड़ोसी का बेटा शुभ को बुलाने उसके घर पहुंचा। कमरे के अंदर से बच्चे के रोने की आवाज सुनकर उसने अपने परिवार को इसकी जानकारी दी।

पड़ोसियों ने ताला खुलवाया, झुलसे मिले दोनों तलवे

जानकारी मिलने के बाद राजकुमार सिंह चौहान समेत आसपास के लोग मौके पर पहुंचे। उन्होंने कमरे का ताला खुलवाया तो अंदर शुभ दर्द से कराहता मिला। उसके दोनों तलवे झुलसे हुए थे। पड़ोसियों ने तत्काल घटना की जानकारी बच्चे के पिता विनय को दी।

देर शाम विनय घर पहुंचे और बेटे की हालत देखकर भावुक हो गए। इसके बाद पुलिस को सूचना दी गई और घायल बच्चे को जिला अस्पताल भेजा गया।

पिता की तहरीर पर मां के खिलाफ मुकदमा

थाना प्रभारी श्याम सुंदर श्रीवास्तव ने बताया कि घायल बच्चे का जिला अस्पताल में चिकित्सकीय परीक्षण कराया गया है। पिता की तहरीर के आधार पर आरोपी मां के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। पुलिस मामले के सभी पहलुओं की जांच कर रही है।

पुलिस ने यह भी कहा कि बच्चे से तंबाकू या गुटखा मंगवाना कानूनी और नैतिक दोनों दृष्टि से गलत है। कोटपा अधिनियम के तहत बच्चों को तंबाकू उत्पाद बेचना या उनसे तंबाकू उत्पाद बिकवाना अथवा मंगवाना अपराध है।

 

नोट: अगर आपको यह खबर पसंद आई तो इसे शेयर करना न भूलें, देश-विदेश से जुड़ी ताजा अपडेट पाने के लिए कृपया Vnation के Facebook पेज को LikeTwitter पर Follow करना न भूलें...
Leave A Reply

Your email address will not be published.