वित्त वर्ष 2025-26 की पहली तिमाही में घटी गाड़ियों की बिक्री, टू-व्हीलर्स सेगमेंट में बड़ी गिरावट

0 7,973

Automobile Sales Data: वित्त वर्ष 2025-26 की पहली तिमाही में बिकी गाड़ियों का डेटा आ गया है। देश में चालू वित्त वर्ष 2025-26 की पहली तिमाही में घरेलू यात्री वाहनों की बिक्री सालाना आधार पर 1.4 प्रतिशत घटकर 10,11,882 यूनिट रही है। पिछले वित्त वर्ष 2024-25 की पहली तिमाही में (अप्रैल-जून) ये आंकड़ा 10,26,006 यूनिट रहा था। ऑटोमोबाइल मैन्यूफैक्चरर्स के संगठन सोसायटी ऑफ इंडियन ऑटोमोबाइल मैन्यूफैक्चरर्स (SIAM) की ओर से मंगलवार को जारी आंकड़ों के अनुसार, अप्रैल-जून तिमाही में कुल टू-व्हीलर्स की बिक्री भी 6.2 प्रतिशत घटकर 46,74,562 यूनिट रह गई, जबकि 2024 की इसी अवधि में ये 49,85,631 यूनिट थी।

कमर्शियल गाड़ियों की बिक्री में मामूली गिरावट
कमर्शियल गाड़ियों की बिक्री अप्रैल-जून तिमाही में मामूली 0.6 प्रतिशत घटकर 2,23,215 यूनिट रह गई, जो पिछले वित्त वर्ष की इसी तिमाही में 2,24,575 यूनिट थी। सियाम के अनुसार, वित्त वर्ष 2025-26 की पहली तिमाही में थ्री-व्हीलर्स की बिक्री 1,65,081 यूनिट पर लगभग स्थिर रही। सियाम के डायरेक्टर जनरल राजेश मेनन ने कहा, ‘‘ 2025-26 की पहली तिमाही में यात्री वाहनों की बिक्री में सालाना आधार पर 1.4 प्रतिशत की गिरावट आई और ये 10.1 लाख यूनिट रही।’’ सियाम ने कहा कि पिछले दो साल में दूसरी बार पहली तिमाही में यात्री वाहनों की बिक्री 10 लाख के आंकड़े को पार कर गई है।

श्रीलंका और नेपाल जैसे पड़ोसी देश के बाजारों में सुधार
सियाम के अध्यक्ष शैलेश चंद्रा ने कहा, ‘‘ ऑटोमोबाइल इंडस्ट्री का प्रदर्शन अपेक्षाकृत सपाट रहा। हालांकि यात्री वाहनों, टू-व्हीलर्स और टू-व्हीलर्स वाहनों का रिटेल रजिस्ट्रेशन पिछली तिमाही की तुलना में मामूली रूप से ज्यादा रहा।’’ सियाम ने कहा कि इस सेक्टर में निर्यात वृद्धि अधिकतर बाजारों में स्थिर मांग और पश्चिम एशिया एवं लातिनी अमेरिका में मजबूत प्रदर्शन से हुई। श्रीलंका और नेपाल जैसे पड़ोसी बाजारों में सुधार, जापान से बढ़ती मांग और ऑस्ट्रेलिया जैसे देशों के साथ मुक्त व्यापार समझौतों (एफटीए) के तहत बढ़ते निर्यात ने भी समग्र वृद्धि में योगदान दिया।

नोट: अगर आपको यह खबर पसंद आई तो इसे शेयर करना न भूलें, देश-विदेश से जुड़ी ताजा अपडेट पाने के लिए कृपया Vnation के Facebook पेज को Like व Twitter पर Follow करना न भूलें...
Leave A Reply

Your email address will not be published.