सायन किला क्षेत्र में सनसनी: JCB मशीन से MTNL की करोड़ों की केबल चोरी की कोशिश नाकाम
पुलिस ने 14 आरोपियों को रंगेहाथ दबोचा, भारी मात्रा में उपकरण जब्त
मुंबई: स्वतंत्रता दिवस के दिन सुरक्षा के कड़े इंतज़ामों के बावजूद, सायन किला क्षेत्र में एक सनसनीखेज़ घटना सामने आई। शुक्रवार देर रात करीब 30 लोगों का गिरोह VVF लिमिटेड कंपनी के सामने सड़क पर MTNL का डेक खोलकर JCB मशीन से करोड़ों की केबल खींचने की कोशिश कर रहा था। यह सब सीसीटीवी कैमरे के सामने ही हो रहा था।
सूचना मिलते ही एक स्थानीय सोशल वर्कर ने पुलिस निरीक्षक शेवाले (सायन पुलिस स्टेशन) को खबर दी। पुलिस दल तुरंत मौके पर पहुंचा और 14 आरोपियों को रंगेहाथ पकड़ने में सफलता मिली। छापेमारी के दौरान पुलिस ने मौके से एक JCB मशीन, 5 बड़े कटर, 5 आरी ब्लेड और लोहे की भारी पारेज जब्त की। MTNL अधिकारियों की मौजूदगी में पंचनामा प्रक्रिया पूरी की गई।
अगले दिन, छुट्टी अदालत में पेश किए गए सभी 14 आरोपियों को न्यायाधीश ने 18 अगस्त (सोमवार) तक पुलिस हिरासत में भेज दिया। पुलिस की प्रारंभिक पूछताछ में खुलासा हुआ कि इस बड़े गैंग का मास्टरमाइंड ‘बंगारवाला’ नामक शख्स है, जो अभी भी फरार है।
पूरे मुंबई में फैला नेटवर्क
जांच में यह भी सामने आया कि बंगारवाला मुंबई के वाकोला, गोरेगांव, मालाड, बोरीवली, विलेपार्ले, जोगेश्वरी, वरळी, घाटकोपर, पंतनगर, दादर और चेंबूर जैसे कई इलाकों में MTNL केबल चोरी की वारदातों को अंजाम दिला चुका है। हर इलाके में वह स्थानीय गुंडों को लगभग 5 लाख रुपये एडवांस देकर साथ मिलाता था।
गिरोह बहुत व्यवस्थित तरीके से काम करता था—पुलिस या स्थानीय लोगों के शक़ होने पर यह लोग खुद को बीएमसी के मैनहोल कर्मचारी या MTNL का आधिकारिक स्टाफ बताकर बच निकलते थे। उनके पास MTNL के फर्जी दस्तावेज़ तक मिले हैं। मजदूरों को नवी मुंबई और ठाणे से बुलाया जाता था और प्रत्येक मजदूर को एक रात के काम के लिए 2,000 रुपये मिलते थे। एक रात में 30 से 40 लाख रुपये तक की केबल चोरी करना इस गिरोह के लिए आम था।