गौतमबुद्धनगर: श्रम आयुक्त का बड़ा निर्देश, शिकायतों के निस्तारण में लापरवाही बर्दाश्त नहीं; पुराने मामलों पर तत्काल कार्रवाई के आदेश

0 50

गौतमबुद्धनगर। श्रम आयुक्त उत्तर प्रदेश सौम्या अग्रवाल ने सोमवार को गौतमबुद्धनगर स्थित अपर श्रम आयुक्त और उप निदेशक कारखाना कार्यालयों का स्थलीय निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने कार्यालयों में अभिलेखों के रख-रखाव, साफ-सफाई और कार्यप्रणाली का जायजा लेते हुए अधिकारियों को व्यवस्थाएं अधिक व्यवस्थित और प्रभावी बनाने के निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट कहा कि जनसामान्य की शिकायतों का त्वरित कार्रवाई करते हुए संतुष्टि के साथ निस्तारण सुनिश्चित किया जाए।

निरीक्षण के दौरान श्रम आयुक्त ने अपर श्रम आयुक्त कार्यालय में डिस्पैच रजिस्टर, वादों की कार्यवाही से संबंधित रजिस्टर, उपकर संग्रहण की पत्रावलियों, स्थापना अनुभाग के अभिलेखों, कैशबुक और लेजर का परीक्षण किया। उन्होंने कार्यालय परिसर की साफ-सफाई और व्यवस्थाओं का भी जायजा लिया। संबंधित अधिकारियों और कर्मचारियों को अभिलेखों का उचित रख-रखाव करने तथा कार्यालय की कार्यप्रणाली को बेहतर बनाने के निर्देश दिए।

पुराने वादों की सूची बनाकर तत्काल करें कार्रवाई

श्रम आयुक्त ने निर्देश दिया कि न्यायालयों और विभागीय स्तर पर लंबित वादों का समयबद्ध निस्तारण किया जाए। पुराने मामलों की सूची तैयार कर उन पर तत्काल आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित की जाए। त्योहारों को देखते हुए जिले में औद्योगिक शांति बनाए रखने पर भी जोर दिया गया। उन्होंने सेवायोजकों और कर्मचारियों के बीच लगातार संवाद बनाए रखने तथा छोटे-छोटे विवादों को भी नजरअंदाज नहीं करने की हिदायत दी।

इसके बाद उन्होंने उप निदेशक कारखाना कार्यालय का निरीक्षण कर वहां रखे अभिलेखों की स्थिति देखी। उप निदेशक को निवेश मित्र पोर्टल के माध्यम से प्राप्त आवेदन पत्रों का निर्धारित समय में निस्तारण करने और उद्योगों व कारखानों को जरूरत के अनुसार सकारात्मक सहयोग देने के निर्देश दिए गए। कारखाना स्वामियों की समस्याओं का भी प्राथमिकता के आधार पर समाधान करने को कहा गया।

एलजी इलेक्ट्रॉनिक्स में उद्यमियों के साथ श्रम संहिताओं पर चर्चा

निरीक्षण के बाद श्रम आयुक्त ग्रेटर नोएडा स्थित एलजी इलेक्ट्रॉनिक्स इंडिया लिमिटेड पहुंचीं। यहां जिले के प्रमुख उद्यमियों और उद्यमी संगठनों के प्रतिनिधियों के साथ आयोजित संवाद कार्यक्रम में उन्होंने हिस्सा लिया। कार्यक्रम में उद्यमियों को नई श्रम संहिताओं के प्रमुख प्रावधानों और उनके अनुपालन की जानकारी दी गई। साथ ही इनके प्रभावी क्रियान्वयन, उद्योगों में बेहतर औद्योगिक संबंध बनाए रखने और उद्यमियों व श्रमिकों के हितों के बीच संतुलन स्थापित करने पर चर्चा हुई।

श्रम आयुक्त ने सभी कारखानों और औद्योगिक प्रतिष्ठानों में प्रभावी शिकायत निवारण प्रणाली स्थापित करने पर विशेष जोर दिया। उन्होंने कहा कि इससे श्रमिकों की समस्याओं और शिकायतों का समाधान संस्थान स्तर पर ही किया जा सकेगा। उद्यमियों से श्रमिकों के साथ नियमित संवाद बनाए रखने और ऐसी व्यवस्था विकसित करने की अपेक्षा की गई, जिससे अफवाहों और भ्रामक सूचनाओं की गुंजाइश न रहे तथा कर्मचारियों तक सही और प्रमाणिक जानकारी समय पर पहुंचे।

निवेश मित्र पोर्टल पर अधिक से अधिक उद्यमियों का पंजीकरण कराने पर जोर

संवाद कार्यक्रम में श्रम आयुक्त ने बताया कि निवेश मित्र पोर्टल पर पंजीकरण की प्रक्रिया शुरू हो चुकी है। उन्होंने अधिक से अधिक औद्योगिक प्रतिष्ठानों और उद्यमियों का पोर्टल पर पंजीकरण कराने तथा इसके व्यापक प्रचार-प्रसार के निर्देश दिए। उद्यमियों को पंजीकरण प्रक्रिया में आवश्यक सहयोग उपलब्ध कराने पर भी जोर दिया गया।

उन्होंने यह भी कहा कि औद्योगिक प्रतिष्ठानों के निरीक्षण के लिए तैयार की जा रही चेकलिस्ट को अंतिम रूप देने से पहले संबंधित औद्योगिक संगठनों और उद्योग प्रतिनिधियों के साथ साझा किया जाए। इससे उनके सुझाव मिल सकेंगे और चेकलिस्ट को अधिक व्यावहारिक, स्पष्ट तथा उद्योगों के अनुकूल बनाया जा सकेगा।

कार्यक्रम में अपर श्रम आयुक्त, उप निदेशक कारखाना, सहायक श्रम आयुक्त, सहायक निदेशक कारखाना, श्रम प्रवर्तन अधिकारी, विभिन्न उद्यमी संगठनों के प्रतिनिधि और एलजी इलेक्ट्रॉनिक्स इंडिया लिमिटेड के अधिकारी मौजूद रहे। उद्यमियों की ओर से उठाए गए सवालों और जिज्ञासाओं का भी समाधान किया गया। अंत में श्रम आयुक्त ने उद्योगों में सौहार्दपूर्ण वातावरण बनाए रखने, श्रम कानूनों का प्रभावी अनुपालन करने और श्रमिकों की शिकायतों का त्वरित निस्तारण सुनिश्चित करने के लिए विभाग तथा उद्योगों के बीच निरंतर समन्वय बनाए रखने का आह्वान किया।

नोट: अगर आपको यह खबर पसंद आई तो इसे शेयर करना न भूलें, देश-विदेश से जुड़ी ताजा अपडेट पाने के लिए कृपया Vnation के Facebook पेज को Like व Twitter पर Follow करना न भूलें...
Leave A Reply

Your email address will not be published.