गौतमबुद्धनगर: उज्ज्वला योजना के लाभार्थियों को कल मिलेगी मुफ्त गैस रिफिल सब्सिडी, मुख्यमंत्री योगी करेंगे वितरण
गौतमबुद्धनगर। प्रधानमंत्री उज्ज्वला योजना के लाभार्थियों को मुफ्त गैस सिलेंडर रिफिल की सब्सिडी का वितरण मंगलवार, 3 नवंबर को किया जाएगा। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ लखनऊ स्थित लोक भवन सभागार में शाम 4 बजे आयोजित कार्यक्रम में प्रदेश के लाभार्थियों को इस योजना का लाभ प्रदान करेंगे।
जिला पूर्ति अधिकारी ने बताया कि मुख्यमंत्री के कार्यक्रम का सजीव प्रसारण गौतमबुद्धनगर में भी किया जाएगा। इसके लिए मंगलवार शाम 4 बजे सूरजपुर स्थित कलेक्ट्रेट सभागार, ग्रेटर नोएडा में कार्यक्रम आयोजित होगा। इसमें जनप्रतिनिधियों और वरिष्ठ अधिकारियों की गरिमामयी उपस्थिति रहेगी।
लाभार्थियों को वितरित किए जाएंगे प्रतीकात्मक चेक
कार्यक्रम के दौरान प्रधानमंत्री उज्ज्वला योजना के लाभार्थियों को गैस सिलेंडर रिफिल सब्सिडी के प्रतीकात्मक चेक भी वितरित किए जाएंगे। जिला पूर्ति अधिकारी ने संबंधित लाभार्थियों से कार्यक्रम में शामिल होने की अपील की है।