मीठे और रसीले सेब की पहचान कैसे करें? बिना काटे ऐसे करें चेक, हर बाइट में मिलेगा शानदार स्वाद

0 21

सेब को सेहत के लिए सबसे फायदेमंद फलों में गिना जाता है। इसे रोजाना खाने की सलाह भी दी जाती है क्योंकि इसमें विटामिन, फाइबर और कई जरूरी पोषक तत्व होते हैं। खास बात यह है कि सेब सालभर बाजार में आसानी से मिल जाता है। हालांकि बाजार में इसकी कई किस्में मिलने की वजह से अक्सर लोगों को यह समझ नहीं आता कि कौन सा सेब मीठा होगा और कौन सा फीका। कई बार बाहर से लाल दिखने वाला सेब अंदर से स्वाद में उतना अच्छा नहीं निकलता। ऐसे में कुछ आसान तरीकों की मदद से बिना काटे ही मीठे और पके सेब की पहचान की जा सकती है।

रंग और बनावट से करें पहचान

सेब का रंग देखकर भी उसके स्वाद का अंदाजा लगाया जा सकता है। जो सेब पूरी तरह गहरे लाल दिखते हैं वे देखने में जरूर आकर्षक लगते हैं, लेकिन अगर सेब के निचले हिस्से में हल्का पीला या सुनहरा रंग दिखाई दे तो यह संकेत होता है कि वह पेड़ पर अच्छी तरह पक चुका है और उसके मीठा होने की संभावना अधिक होती है।

इसके अलावा सेब की सतह पर छोटे-छोटे सफेद दाने जैसे निशान भी नजर आते हैं। यदि ये दाने उभरे हुए और साफ दिखाई दें तो ऐसे सेब आमतौर पर ज्यादा मीठे होते हैं। वहीं सेब का छिलका कसा हुआ और सख्त होना चाहिए। यदि छिलके पर झुर्रियां हों या वह ढीला लगे तो समझ लें कि सेब पुराना है और स्वाद में फीका हो सकता है।

वजन और मजबूती भी बताते हैं स्वाद

मीठे और ताजे सेब की पहचान उसके वजन से भी की जा सकती है। अगर सेब अपने आकार के मुकाबले थोड़ा भारी महसूस हो तो इसका मतलब है कि उसमें रस भरपूर है।

सेब को हल्के से दबाकर भी देखा जा सकता है। अच्छा सेब न तो बहुत सख्त होता है और न ही ज्यादा नरम। यदि अंगूठे से दबाने पर वह आसानी से दब जाए तो संभावना है कि वह अंदर से नरम और बेस्वाद हो।

खुशबू से भी मिल जाता है संकेत

अच्छी तरह पका हुआ सेब हल्की मीठी और ताजी खुशबू देता है। अगर सेब में बिल्कुल भी महक महसूस नहीं हो रही है तो हो सकता है कि उसे पूरी तरह पकने से पहले ही तोड़ लिया गया हो।

डंठल से जानें सेब कितना ताजा है

सेब का डंठल भी उसकी ताजगी के बारे में संकेत देता है। अगर डंठल सेब में लगा हुआ है और उसका रंग हरा या हल्का भूरा है तो समझिए सेब ताजा है। वहीं अगर डंठल बहुत ज्यादा सूखा हो या पूरी तरह गायब हो तो संभव है कि सेब काफी समय पहले तोड़ा गया हो।

खरीदते समय इस बात का रखें खास ध्यान

बाजार में सेब को ज्यादा चमकदार दिखाने के लिए कई बार उस पर वैक्स लगाया जाता है। इसे पहचानने के लिए आप नाखून से सेब की सतह को हल्का खुरच कर देख सकते हैं। अगर सफेद पाउडर जैसा पदार्थ निकलता है तो बेहतर है कि सेब को खाने से पहले गुनगुने पानी से अच्छी तरह धो लें या फिर उसका छिलका उतार दें।

 

नोट: अगर आपको यह खबर पसंद आई तो इसे शेयर करना न भूलें, देश-विदेश से जुड़ी ताजा अपडेट पाने के लिए कृपया Vnation के Facebook पेज को LikeTwitter पर Follow करना न भूलें...
Leave A Reply

Your email address will not be published.