नोएडा-ग्रेटर नोएडा एक्सप्रेसवे पर बढ़ेगी सुरक्षा, 20 किमी हिस्से में लगेंगे डब्ल्यू मेटल बीम क्रैश बैरियर, 43 करोड़ से अधिक की परियोजना को मंजूरी

0 27

नोएडा। सड़क सुरक्षा को लेकर बड़ा कदम उठाते हुए नोएडा प्राधिकरण ने नोएडा-ग्रेटर नोएडा एक्सप्रेसवे पर यातायात व्यवस्था को और मजबूत करने का फैसला लिया है। मुख्य कार्यपालक अधिकारी की ओर से एक्सप्रेसवे के 20 किलोमीटर लंबे हिस्से में सर्विस रोड के दोनों ओर डब्ल्यू मेटल बीम क्रैश बैरियर लगाने के प्रस्ताव को मंजूरी दे दी गई है। इस परियोजना के लिए 4312.69 लाख रुपये की स्वीकृति प्रदान की गई है।

सर्विस रोड पर दोनों तरफ लगाए जाएंगे क्रैश बैरियर

प्राधिकरण के अनुसार, एक्सप्रेसवे की दोनों ओर स्थित सर्विस रोड के किनारों पर ये क्रैश बैरियर लगाए जाएंगे, जिससे वाहनों की आवाजाही अधिक सुरक्षित हो सके। इसके लिए निविदा प्रक्रिया शुरू कर दी गई है और जल्द ही कार्य प्रारंभ होने की योजना है।

एयरपोर्ट शुरू होने से बढ़ेगा ट्रैफिक, सुरक्षा पर फोकस

आने वाले समय में नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट के संचालन के बाद इस एक्सप्रेसवे पर यातायात का दबाव बढ़ने की संभावना जताई गई है। ऐसे में यह परियोजना ट्रैफिक सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए अहम मानी जा रही है। अधिकारियों का कहना है कि काम पूरा होने के बाद दुर्घटनाओं में कमी आएगी और यात्रियों को अधिक सुरक्षित और सुगम यात्रा का अनुभव मिलेगा।

ग्रीन बेल्ट और गहरी नालियों से बढ़ता है हादसों का खतरा

नोएडा-ग्रेटर नोएडा एक्सप्रेसवे शहर का प्रमुख और तेज रफ्तार मार्ग है, जहां मुख्य कैरेजवे के साथ-साथ सर्विस रोड पर भी वाहनों की आवाजाही काफी अधिक रहती है। सर्विस रोड के किनारे स्थित ग्रीन बेल्ट काफी गहरी है, जबकि दूसरी ओर गहरी नालियां बनी हुई हैं, जिनमें बारिश के दौरान पानी बहता है।

ऐसी स्थिति में कई बार वाहन अनियंत्रित होकर ग्रीन बेल्ट या नालों में गिरने का खतरा बना रहता है। प्रस्तावित क्रैश बैरियर इस तरह की दुर्घटनाओं को रोकने में प्रभावी भूमिका निभाएंगे।

सुरक्षित और आधुनिक इंफ्रास्ट्रक्चर की दिशा में कदम

प्राधिकरण का कहना है कि यह परियोजना सड़क सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देने और आधुनिक शहरी अवसंरचना विकसित करने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल है। इससे न केवल हादसों पर अंकुश लगेगा, बल्कि आम नागरिकों को बेहतर और सुरक्षित परिवहन सुविधा भी मिलेगी।

 

नोट: अगर आपको यह खबर पसंद आई तो इसे शेयर करना न भूलें, देश-विदेश से जुड़ी ताजा अपडेट पाने के लिए कृपया Vnation के Facebook पेज को LikeTwitter पर Follow करना न भूलें...
Leave A Reply

Your email address will not be published.