रोशनी की नई राह: पीएम सूर्यघर मुफ्त बिजली योजना से यूपी में ऊर्जा आत्मनिर्भरता को मिलेगा बड़ा बल, छतों पर सोलर से 300 यूनिट तक फ्री बिजली
गौतमबुद्धनगर: केंद्र और राज्य सरकार की महत्वाकांक्षी ‘पीएम सूर्यघर: मुफ्त बिजली योजना’ के तहत उत्तर प्रदेश में ऊर्जा क्षेत्र में बड़ा बदलाव लाने की तैयारी है। इस योजना का उद्देश्य प्रदेश के एक करोड़ घरों की छतों पर सोलर पैनल लगाकर हर परिवार को प्रति माह 300 यूनिट तक निःशुल्क बिजली उपलब्ध कराना और बिजली बिल का बोझ कम करना है।
60% तक सब्सिडी और सस्ते लोन से आसान होगा सोलर पैनल लगाना
मुख्य विकास अधिकारी डॉ. शिवाकांत द्विवेदी ने बताया कि योजना के तहत सोलर पैनल लगाने के लिए सरकार की ओर से 60 प्रतिशत तक सब्सिडी दी जा रही है। इसके साथ ही कम ब्याज दर पर आसान ऋण की सुविधा भी उपलब्ध है, जिससे आम उपभोक्ता बिना आर्थिक दबाव के इस योजना का लाभ उठा सकें।

सब्सिडी की संरचना इस प्रकार तय की गई है—
1 किलोवाट पर ₹45,000 तक,
2 किलोवाट पर ₹90,000 तक,
और 3 से 10 किलोवाट तक की क्षमता पर अधिकतम ₹1,08,000 तक अनुदान दिया जाएगा।
ऑनलाइन आवेदन से लेकर इंस्टॉलेशन तक पूरी प्रक्रिया सरल
योजना का लाभ लेने के लिए इच्छुक उपभोक्ता आधिकारिक वेबसाइट pmsuryaghar.gov.in पर ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं। आवेदन प्रक्रिया में पहले पोर्टल पर पंजीकरण करना होगा, फिर आवेदन पत्र भरकर संबंधित विद्युत वितरण कंपनी से अनुमोदन लेना होगा। स्वीकृति मिलने के बाद सोलर पैनल इंस्टॉल कर नेट मीटरिंग और बैंक विवरण अपलोड करना होगा।

बिना गारंटी लोन की सुविधा, आम उपभोक्ताओं को राहत
योजना के तहत 3 किलोवाट तक के सोलर सिस्टम के लिए करीब 7 प्रतिशत वार्षिक ब्याज दर पर बिना किसी गारंटी के ऋण उपलब्ध कराया जा रहा है। इससे अधिक से अधिक लोग इस योजना से जुड़ सकेंगे और अपने घरों को सौर ऊर्जा से जोड़ पाएंगे।
पात्रता और जरूरी दस्तावेज तय
योजना का लाभ लेने के लिए आवेदक का भारतीय नागरिक होना जरूरी है। उसके पास खुद का छतयुक्त मकान और वैध बिजली कनेक्शन होना चाहिए। साथ ही उसने पहले किसी अन्य सोलर सब्सिडी योजना का लाभ न लिया हो। आवेदन के लिए आधार कार्ड, निवास प्रमाण पत्र, हाल का बिजली बिल, मोबाइल नंबर और बैंक पासबुक या रद्द चेक अनिवार्य दस्तावेज हैं।
बिजली बचत के साथ कमाई का भी मौका
इस योजना के जरिए उपभोक्ता न सिर्फ अपनी बिजली की जरूरत पूरी कर सकेंगे, बल्कि अतिरिक्त बिजली को ग्रिड में बेचकर अतिरिक्त आय भी अर्जित कर पाएंगे। इससे ऊर्जा बचत के साथ आर्थिक लाभ का भी रास्ता खुलेगा।
जिले में संपर्क के लिए व्यवस्था, विभाग ने जारी किए नंबर
योजना से जुड़ी विस्तृत जानकारी के लिए इच्छुक अभ्यर्थी विकास भवन, सूरजपुर स्थित कार्यालय में परियोजना अधिकारी से संपर्क कर सकते हैं। इसके लिए विभाग ने मोबाइल नंबर भी जारी किए हैं, ताकि अधिक से अधिक लोग योजना का लाभ उठा सकें।