वाशिंगटन डीसी मेयर चुनाव में भारतीय मूल की रिनी संपत की दावेदारी मजबूत, अमेरिका हिंदू कोएलिशन के समर्थन से बढ़ा सियासी वजन

0 27

वाशिंगटन डीसी में होने वाले मेयर चुनाव में भारतीय मूल की रिनी संपत की उम्मीदवारी लगातार मजबूत होती जा रही है। डेमोक्रेटिक पार्टी की ओर से प्राइमरी चुनाव लड़ रहीं रिनी संपत को अब अमेरिकन हिंदू कोएलिशन (AHC) का भी समर्थन मिल गया है, जिससे उनकी राजनीतिक स्थिति और अधिक मजबूत मानी जा रही है।

समर्थन की घोषणा के बाद चुनावी माहौल में उनकी दावेदारी को लेकर चर्चा और तेज हो गई है।

तमिलनाडु से अमेरिका तक का सफर

रिनी संपत का जन्म भारत के तमिलनाडु के तेनी में हुआ था। वे सात साल की उम्र में अपने परिवार के साथ अमेरिका चली गई थीं और पिछले एक दशक से अधिक समय से वाशिंगटन डीसी में रह रही हैं।

पेशे से साइबर सुरक्षा विशेषज्ञ रिनी संपत इस बार डेमोक्रेटिक पार्टी के प्राइमरी चुनाव में हिस्सा ले रही हैं, जिसका मुख्य मुकाबला 16 जून को होना है।

‘Fix the Basics’ और ‘A New DC’ बना एजेंडा

रिनी संपत ने अपने चुनावी अभियान में शहर के बुनियादी ढांचे और प्रशासनिक सुधारों पर जोर दिया है। उनका एजेंडा “Fix the Basics” यानी बुनियादी समस्याओं का समाधान और “A New DC” यानी एक नया वाशिंगटन डीसी बनाने पर केंद्रित है।

उनका कहना है कि यदि उन्हें मेयर चुना जाता है तो उनकी प्राथमिकता शहर की मूल समस्याओं को दूर करना होगा।

अमेरिकन हिंदू कोएलिशन का समर्थन

अमेरिकन हिंदू कोएलिशन ने वाशिंगटन डीसी के आईएसकेकॉन मंदिर में आयोजित एक बैठक के दौरान रिनी संपत को औपचारिक समर्थन दिया। इस मौके पर कई समुदायिक नेता मौजूद रहे।

AHC के मेरीलैंड एग्जीक्यूटिव डायरेक्टर अंकुर मिश्रा ने कहा कि अब समुदाय केवल दर्शक नहीं रहा, बल्कि एक संगठित शक्ति के रूप में सामने आ रहा है, जो अपने मूल्यों और परिवारों का प्रतिनिधित्व सुनिश्चित करना चाहता है।

चुनावी मुकाबला और राजनीतिक स्थिति

डेमोक्रेटिक पार्टी के भीतर रिनी संपत का मुकाबला जेनीस लुईस जॉर्ज और केन्यन मैकडफी जैसे प्रमुख उम्मीदवारों से माना जा रहा है। चुनाव 3 नवंबर को होना है।

वाशिंगटन डीसी की राजनीति में डेमोक्रेटिक पार्टी का लंबे समय से दबदबा रहा है और 1975 में मेयर चुनाव शुरू होने के बाद से यहां कभी भी रिपब्लिकन पार्टी का मेयर नहीं चुना गया।

रिनी संपत के वादे

रिनी संपत ने वादा किया है कि अगर वे मेयर बनती हैं तो शहर की बुनियादी सुविधाओं में सुधार पर ध्यान देंगी। इनमें सड़कों के गड्ढों की मरम्मत, पोटोमैक नदी में वेस्टवॉटर स्पिल को रोकना, महंगाई पर नियंत्रण और 911 आपातकालीन सेवा की प्रतिक्रिया समय में सुधार शामिल है।

 

नोट: अगर आपको यह खबर पसंद आई तो इसे शेयर करना न भूलें, देश-विदेश से जुड़ी ताजा अपडेट पाने के लिए कृपया Vnation के Facebook पेज को LikeTwitter पर Follow करना न भूलें...
Leave A Reply

Your email address will not be published.