दादरी-मारीपत रेलवे फाटक 12 से 18 मई तक रहेगा पूरी तरह बंद, मरम्मत कार्य के चलते यात्रियों के लिए वैकल्पिक मार्ग जारी
गौतमबुद्धनगर: दादरी-मारीपत रेलवे स्टेशन के मध्य स्थित रेलवे फाटक संख्या 148/एसपीएल को मरम्मत कार्य के चलते अस्थायी रूप से बंद किए जाने का निर्णय लिया गया है। उत्तर मध्य रेलवे दादरी के सीनियर सेक्शन इंजीनियर की ओर से जारी जानकारी के अनुसार यह रेलवे फाटक 12 मई 2026 की सुबह 8 बजे से 18 मई 2026 की शाम 6 बजे तक पूरी तरह बंद रहेगा।
रेलवे अधिकारियों के मुताबिक फाटक पर आवश्यक मरम्मत एवं रखरखाव कार्य कराया जाना है, जिसके चलते इस अवधि में वाहनों और आमजन का आवागमन पूरी तरह प्रतिबंधित रहेगा। रेलवे प्रशासन ने लोगों से सहयोग की अपील करते हुए वैकल्पिक मार्गों का उपयोग करने की सलाह दी है।
आवागमन के लिए इन वैकल्पिक मार्गों का करें इस्तेमाल
रेलवे प्रशासन की ओर से बताया गया है कि फाटक बंद रहने के दौरान आमजन दादरी स्टेशन के समीप स्थित आरओबी (रेलवे ओवर ब्रिज) तथा 1420/18-20 पर निर्मित आरयूबी (रेलवे अंडर ब्रिज) का उपयोग कर अपने गंतव्य तक पहुंच सकते हैं।
अधिकारियों ने कहा कि मरम्मत कार्य को सुरक्षित और समयबद्ध तरीके से पूरा करने के लिए फाटक को निर्धारित अवधि तक बंद रखा जाएगा। साथ ही लोगों से अपील की गई है कि यात्रा के दौरान वैकल्पिक मार्गों का ही उपयोग करें, जिससे किसी प्रकार की असुविधा या जाम की स्थिति उत्पन्न न हो।