कर्नाटक में सत्ता परिवर्तन की तैयारी तेज, डीके शिवकुमार के साथ 10-12 मंत्री ले सकते हैं शपथ; सिद्धारमैया ने तीन डिप्टी सीएम का रखा प्रस्ताव

0 57

बेंगलुरु: कर्नाटक में नेतृत्व परिवर्तन की प्रक्रिया अंतिम चरण में पहुंच गई है। कांग्रेस नेता डीके शिवकुमार 3 जून को मुख्यमंत्री पद की शपथ ले सकते हैं। उनके साथ 10 से 12 विधायकों को भी मंत्री पद की शपथ दिलाए जाने की संभावना है। जानकारी के मुताबिक राज्य मंत्रिमंडल का विस्तार दो चरणों में किया जाएगा। कर्नाटक में मुख्यमंत्री समेत कुल 34 मंत्री बनाए जा सकते हैं। शपथ ग्रहण समारोह में कांग्रेस के कई वरिष्ठ नेताओं के शामिल होने की संभावना है। राजधानी बेंगलुरु स्थित लोकभवन के ग्लास हाउस में कार्यक्रम की तैयारियां तेज कर दी गई हैं। फिलहाल डीके शिवकुमार दिल्ली में मौजूद हैं, जबकि उनके भाई डीके सुरेश तैयारियों की निगरानी कर रहे हैं।

तीन डिप्टी सीएम बनाने का सुझाव, अंतिम फैसला राहुल गांधी पर

पूर्व मुख्यमंत्री सिद्धारमैया ने कांग्रेस नेतृत्व के समक्ष राज्य में सामाजिक और राजनीतिक संतुलन साधने के लिए तीन उपमुख्यमंत्री बनाने का प्रस्ताव रखा है। इस मुद्दे पर कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे, केसी वेणुगोपाल और रणदीप सिंह सुरजेवाला के साथ विस्तृत चर्चा भी हुई है। दूसरी ओर, डीके शिवकुमार ने पार्टी नेतृत्व को स्पष्ट संकेत दिया है कि वह अपने साथ किसी उपमुख्यमंत्री की नियुक्ति के पक्ष में नहीं हैं। ऐसे में इस संवेदनशील मुद्दे पर अंतिम निर्णय राहुल गांधी के स्तर पर लिया जा सकता है।

सिद्धारमैया ने इन नेताओं के नाम आगे बढ़ाए

सूत्रों के अनुसार सिद्धारमैया ने दलित समुदाय से डॉ. जी परमेश्वर, लिंगायत समुदाय से वरिष्ठ नेता एमबी पाटिल और मुस्लिम समुदाय से जमीर अहमद खान को उपमुख्यमंत्री पद के लिए उपयुक्त बताया है। हालांकि जमीर अहमद खान इस समय दावणगेरे उपचुनाव में पार्टी विरोधी गतिविधियों के आरोपों को लेकर विवादों में हैं। मंगलवार को सामने आए एक कथित ऑडियो क्लिप ने भी उनकी राजनीतिक मुश्किलें बढ़ा दी हैं।

यतीन्द्र सिद्धारमैया का मंत्री बनना लगभग तय

मंत्रिमंडल गठन को लेकर चल रही चर्चाओं के बीच सिद्धारमैया के पुत्र यतीन्द्र सिद्धारमैया का मंत्री बनना लगभग तय माना जा रहा है। सूत्रों का कहना है कि सिद्धारमैया ने अपने करीबी 8 से 10 विधायकों को भी मंत्रिमंडल में शामिल किए जाने का आग्रह किया है। इनमें जमीर अहमद खान, एचसी महादेवप्पा, संतोष लाड, बसवराजरायरेड्डी, वेंकटेश, बी सुरेश, पुट्टरंग शेट्टी और बीके हरिप्रसाद जैसे नाम प्रमुख रूप से शामिल बताए जा रहे हैं। कांग्रेस नेतृत्व डीके शिवकुमार के साथ विचार-विमर्श के बाद अंतिम सूची पर मुहर लगा सकता है।

मंत्री पद की दौड़ में ये नाम सबसे आगे

संभावित मंत्रियों की सूची में यतीन्द्र सिद्धारमैया, जी परमेश्वर, के.जे. जॉर्ज, रामलिंगा रेड्डी, प्रियांक खरगे, एमबी पाटिल, ईश्वर खंडरे, कृष्णा बयरेगौडा, लक्ष्मी हेब्बलाकर, बी सुरेश और सतीश जारकीहोली के नाम प्रमुख रूप से सामने आ रहे हैं।

प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष पद को लेकर भी चर्चा

राजनीतिक गलियारों में यह भी चर्चा है कि यदि सतीश जारकीहोली प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष की जिम्मेदारी स्वीकार करते हैं तो मंत्री पद की सूची में बदलाव संभव है। ऐसी स्थिति में उनकी जगह बीके हरिप्रसाद को मंत्रिमंडल में अवसर मिल सकता है। वहीं यह संभावना भी जताई जा रही है कि संगठनात्मक समीकरणों को देखते हुए प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष पद पर पुनर्विचार किया जा सकता है।

 

नोट: अगर आपको यह खबर पसंद आई तो इसे शेयर करना न भूलें, देश-विदेश से जुड़ी ताजा अपडेट पाने के लिए कृपया Vnation के Facebook पेज को LikeTwitter पर Follow करना न भूलें...
Leave A Reply

Your email address will not be published.