गौतमबुद्धनगर में खाद्य विभाग का बड़ा अभियान, मसाला बनाने वाली इकाइयों पर छापेमारी; 10 नमूने जांच के लिए भेजे गए
गौतमबुद्धनगर: जिले में लोगों को शुद्ध और सुरक्षित खाद्य पदार्थ उपलब्ध कराने के उद्देश्य से खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन विभाग ने मसाला निर्माण इकाइयों और खाद्य प्रतिष्ठानों के खिलाफ विशेष अभियान चलाया। अभियान के तहत विभिन्न स्थानों पर छापेमारी कर मसालों के 10 नमूने जांच के लिए संग्रहित किए गए हैं।
खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन विभाग के अधिकारियों ने बताया कि आयुक्त, खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन उत्तर प्रदेश तथा जिलाधिकारी के निर्देश पर जिलेभर में खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता की निगरानी की जा रही है। इसी क्रम में खाद्य सुरक्षा अधिकारियों की टीमों ने अलग-अलग क्षेत्रों में निरीक्षण कर नमूने एकत्र किए।

सहायक आयुक्त खाद्य द्वितीय सर्वेश मिश्रा ने जानकारी देते हुए बताया कि दनकौर स्थित अंजना मिल से खुली और पैक्ड हल्दी पाउडर के एक-एक नमूने लिए गए। वहीं सेक्टर-63 स्थित राकेश मसाले से खुली और पैक्ड हींग के नमूने संग्रहित किए गए।
इसी तरह साइट-सी, सूरजपुर औद्योगिक क्षेत्र स्थित ब्रह्म अर्पण ऑर्गेनिक्स प्राइवेट लिमिटेड से खुली एवं पैक्ड हल्दी के नमूने लिए गए। वहीं दादरी के धूम मानिकपुर स्थित धमीजा ग्राइंडर से खुली और पैक्ड हींग के नमूने एकत्र किए गए।

अभियान के दौरान आरएसके फूड्स एंड स्पाइसेस प्राइवेट लिमिटेड से खुला और पैक्ड धनिया पाउडर का एक-एक नमूना भी जांच के लिए लिया गया। इस प्रकार कुल 10 नमूने संग्रहित कर प्रयोगशाला भेजे गए हैं, जहां उनकी गुणवत्ता और मानकों की जांच की जाएगी।
नियमित जारी रहेगा जांच अभियान
खाद्य विभाग के अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि जिले में खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता सुनिश्चित करने के लिए आगे भी इसी प्रकार की कार्रवाई लगातार जारी रहेगी। जांच रिपोर्ट के आधार पर मानकों के विपरीत पाए जाने वाले उत्पादों और संबंधित प्रतिष्ठानों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।