सीएम युवा योजना में लापरवाही पर सख्त हुए सीडीओ, बैंकों को लंबित मामलों के त्वरित निस्तारण के निर्देश
गौतमबुद्धनगर: मुख्यमंत्री युवा उद्यमी विकास अभियान (सीएम युवा योजना) की प्रगति की समीक्षा के लिए शुक्रवार को कलेक्ट्रेट सभागार में महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता मुख्य विकास अधिकारी भालचंद्र त्रिपाठी ने की, जिसमें विभिन्न बैंकों के क्षेत्रीय प्रबंधक, सहायक महाप्रबंधक, जिला स्तरीय बैंकिंग अधिकारी तथा संबंधित विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।
बैठक के दौरान सहायक आयुक्त उद्योग वत्स ने योजना की वर्तमान स्थिति और प्रगति की जानकारी प्रस्तुत की। उन्होंने बताया कि युवाओं को स्वरोजगार से जोड़ने के उद्देश्य से ऋण स्वीकृति और वितरण की प्रक्रिया लगातार जारी है, लेकिन कुछ बैंकों का प्रदर्शन निर्धारित लक्ष्यों के अनुरूप नहीं है।
लक्ष्य पूर्ति में ढिलाई पर जताई नाराजगी
प्रगति रिपोर्ट की समीक्षा के दौरान मुख्य विकास अधिकारी ने अपेक्षित प्रदर्शन नहीं करने वाले बैंकों पर नाराजगी व्यक्त की। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री युवा उद्यमी विकास अभियान शासन की प्राथमिकता वाली योजनाओं में शामिल है और इसके क्रियान्वयन में किसी भी प्रकार की शिथिलता स्वीकार नहीं की जाएगी।
उन्होंने संबंधित बैंक अधिकारियों को निर्देश दिए कि लंबित आवेदनों का जल्द से जल्द निस्तारण किया जाए और पात्र लाभार्थियों को समयबद्ध तरीके से ऋण उपलब्ध कराया जाए। उन्होंने कहा कि योजना का मुख्य उद्देश्य युवाओं को स्वरोजगार के माध्यम से आत्मनिर्भर बनाना है, इसलिए लक्ष्य प्राप्ति में किसी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
अधिक से अधिक युवाओं को जोड़ने पर जोर
मुख्य विकास अधिकारी ने अधिकारियों को योजना की नियमित समीक्षा करने और बैंकिंग संस्थाओं तथा विभागीय अधिकारियों के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि अधिक से अधिक पात्र युवाओं को योजना से जोड़कर जनपद में उद्यमिता को बढ़ावा दिया जाए और रोजगार सृजन के अवसर बढ़ाए जाएं।
बैठक में जिला अग्रणी बैंक प्रबंधक, विभिन्न बैंकों के क्षेत्रीय प्रबंधक, सहायक महाप्रबंधक, उद्योग विभाग के अधिकारी और अन्य संबंधित विभागों के प्रतिनिधि उपस्थित रहे।