वंदे भारत के बाद शताब्दी पर हमला! ट्रेन देखते ही बेकाबू हो जाता था तालिब, पूछताछ में सामने आई चौंकाने वाली वजह
अलीगढ़: कानपुर से नई दिल्ली जा रही शताब्दी एक्सप्रेस पर पथराव के मामले में गिरफ्तार आरोपी तालिब को पुलिस ने न्यायालय में पेश करने के बाद जेल भेज दिया है। जांच के दौरान सामने आया कि आरोपी इससे पहले भी वंदे भारत एक्सप्रेस पर पत्थर फेंकने की घटना में गिरफ्तार हो चुका है। पूछताछ में उसने जो कारण बताया, उसने जांच अधिकारियों को भी हैरान कर दिया।
पुलिस के मुताबिक आरोपी ने बताया कि उसके पिता की मौत ट्रेन से कटकर हुई थी। इसी वजह से ट्रेन देखते ही वह अपना आपा खो बैठता है और खुद पर नियंत्रण नहीं रख पाता। अधिकारियों के अनुसार आरोपी ने स्वीकार किया कि शताब्दी एक्सप्रेस को देखते ही उसने पास में पड़ा पत्थर उठाकर ट्रेन की ओर फेंक दिया था।
शताब्दी एक्सप्रेस की खिड़की पर लगा था पत्थर
घटना शनिवार सुबह करीब 9:22 बजे की है। मालगोदाम क्षेत्र के पास गुजर रही शताब्दी एक्सप्रेस की सी-08 कोच की खिड़की पर अचानक पत्थर आकर लगा। हादसे में एक महिला यात्री के बगल वाली खिड़की का शीशा टूट गया। घटना के बाद रेलवे सुरक्षा बल (आरपीएफ) तुरंत सक्रिय हुआ और जांच शुरू कर दी।
सीसीटीवी फुटेज और स्थानीय लोगों से पूछताछ के आधार पर पुलिस को जानकारी मिली कि क्वार्सी क्षेत्र के मौलाना आजाद नगर निवासी 22 वर्षीय तालिब घटना से पहले आसपास देखा गया था। इसके बाद उसे हिरासत में लेकर पूछताछ की गई, जहां उसने पथराव की बात स्वीकार कर ली।
आरपीएफ ने दर्ज किया मुकदमा, आरोपी भेजा गया जेल
जांच पूरी होने के बाद आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज किया गया। आरपीएफ अधिकारियों ने बताया कि रविवार को उसे अदालत में पेश किया गया, जहां से न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया।
सात महीने में तीसरी बार पहुंचा जेल
पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार तालिब पिछले सात महीनों में तीसरी बार जेल भेजा गया है। बताया जा रहा है कि वह कूड़ा बीनने का काम करता है और नशे की लत का भी शिकार है। उसके पिता का निधन हो चुका है, जबकि उसकी मां किराये के मकान में रहती हैं।
करीब सात महीने पहले मालगोदाम क्षेत्र में रेलवे ट्रैक के पास एक सिलेंडर मिलने के मामले में भी उसे गिरफ्तार किया गया था। उस समय उसने स्वीकार किया था कि उसने एक ट्रक से सिलेंडर चोरी किया था। सिलेंडर ले जाते समय दोनों ओर से ट्रेन आने पर वह घबरा गया और सिलेंडर ट्रैक के बीच छोड़कर भाग गया था।
वंदे भारत पर भी कर चुका है पथराव
पहले मामले में जेल से बाहर आने के बाद आरोपी ने इसी वर्ष फरवरी में अलीगढ़ क्षेत्र से गुजर रही वंदे भारत एक्सप्रेस पर भी पत्थर फेंका था। उस घटना में भी रेलवे सुरक्षा बल ने उसे गिरफ्तार कर जेल भेजा था। मई महीने में जेल से रिहा होने के बाद अब वह फिर शताब्दी एक्सप्रेस पर पथराव की घटना में गिरफ्तार हुआ है।
लगातार सामने आ रही ऐसी घटनाओं ने रेलवे सुरक्षा व्यवस्था और ट्रेनों पर होने वाले पथराव को लेकर एक बार फिर चिंता बढ़ा दी है। जांच एजेंसियां अब आरोपी के व्यवहार और उसकी पृष्ठभूमि से जुड़े अन्य पहलुओं की भी पड़ताल कर रही हैं।