12 साल के शासन का जश्न: विकास प्रदर्शनी में उमड़ी भीड़, सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने जीता दिल, ‘सेल्फी विद पीएम’ बना सबसे बड़ा आकर्षण
गौतमबुद्धनगर: केंद्र सरकार के 12 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में जनपद गौतमबुद्धनगर में आयोजित जनकल्याण एवं जनजागरूकता अभियान के तहत सेक्टर-91 स्थित पंचशील बालक इंटर कॉलेज में चल रही तीन दिवसीय विकास प्रदर्शनी के दूसरे दिन भी बड़ी संख्या में लोगों की मौजूदगी देखने को मिली। आमजन, विद्यार्थी और युवा प्रदर्शनी स्थल पर पहुंचे तथा केंद्र और प्रदेश सरकार की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं, विकास कार्यों और उपलब्धियों की जानकारी प्राप्त की।
लोक नृत्य और सांस्कृतिक कार्यक्रमों ने बांधा समां
प्रदर्शनी के दूसरे दिन संस्कृति विभाग के सहयोग से नव अंशिका फाउंडेशन के सांस्कृतिक दल ने लोक नृत्य एवं विविध सांस्कृतिक कार्यक्रमों की मनमोहक प्रस्तुतियां दीं। कलाकारों ने भारतीय संस्कृति, लोक परंपराओं और कला की समृद्ध विरासत को अपनी प्रस्तुतियों के माध्यम से जीवंत रूप में प्रस्तुत किया। लोकगीतों, पारंपरिक नृत्यों और सांस्कृतिक आयोजनों से पूरे परिसर में उत्साह और उल्लास का माहौल बना रहा। दर्शकों ने तालियों की गूंज के साथ कलाकारों का उत्साहवर्धन किया और कार्यक्रमों की जमकर सराहना की।

‘विकसित भारत अभियान’ पर निबंध प्रतियोगिता में छात्रों ने दिखाई प्रतिभा
17 से 19 जून तक आयोजित होने वाली इस विकास प्रदर्शनी के तहत दूसरे दिन शिक्षा विभाग की ओर से ‘विकसित भारत अभियान’ विषय पर निबंध लेखन प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। प्रतियोगिता में पंचशील बालक इंटर कॉलेज, सेक्टर-91 के छात्र-छात्राओं ने बढ़-चढ़कर भाग लिया। कक्षा 10ए के छात्र शाश्वत पांडे ने प्रथम स्थान प्राप्त किया, जबकि अमन खान दूसरे और ओम दुबे तीसरे स्थान पर रहे। आयोजकों के अनुसार 19 जून को चित्रकला प्रतियोगिता का आयोजन भी किया जाएगा।
‘सेल्फी विद पीएम’ पॉइंट पर दिखा युवाओं का उत्साह
सूचना विभाग द्वारा स्थापित ‘सेल्फी विद पीएम’ पॉइंट प्रदर्शनी में आने वाले लोगों के बीच विशेष आकर्षण का केंद्र बना हुआ है। बड़ी संख्या में आगंतुकों ने प्रधानमंत्री के कटआउट के साथ सेल्फी लेकर अपनी सहभागिता दर्ज कराई। पूरे दिन इस स्थल पर युवाओं और आमजन की अच्छी-खासी भीड़ देखने को मिली।

सरकारी योजनाओं की जानकारी दे रहे विभागीय स्टॉल
प्रदर्शनी में सूचना विभाग, शिक्षा विभाग, कृषि विभाग, स्वास्थ्य विभाग, महिला एवं बाल विकास विभाग, समाज कल्याण विभाग, उद्योग विभाग, श्रम विभाग, पशुपालन विभाग, मत्स्य विभाग, वन विभाग और सेवायोजन विभाग समेत विभिन्न विभागों द्वारा जानकारीपरक और आकर्षक स्टॉल लगाए गए हैं। इन स्टॉलों के माध्यम से लोगों को सरकार की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं, उपलब्धियों और विकास कार्यों की विस्तृत जानकारी दी जा रही है। साथ ही पात्र लाभार्थियों को योजनाओं का लाभ दिलाने की प्रक्रिया भी संचालित की जा रही है।
जनपदवासियों से अधिक संख्या में पहुंचने की अपील
आयोजकों ने जनपदवासियों से अपील की है कि वे अधिक से अधिक संख्या में विकास प्रदर्शनी में पहुंचकर केंद्र एवं प्रदेश सरकार की योजनाओं, उपलब्धियों और विकास कार्यों की जानकारी प्राप्त करें। कार्यक्रम के दौरान विभिन्न विभागों के अधिकारी, कर्मचारी, जनप्रतिनिधि और बड़ी संख्या में आमजन मौजूद रहे।