नोएडा में खाद्य विभाग का बड़ा एक्शन! दूध, मक्खन, पनीर समेत 7 खाद्य नमूने जांच के लिए भेजे गए, मिलावटखोरों में मचा हड़कंप

0 28

गौतमबुद्धनगर: जनपदवासियों को शुद्ध और मानक गुणवत्ता वाले खाद्य पदार्थ उपलब्ध कराने के लिए खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन विभाग ने सख्त अभियान शुरू कर दिया है। आयुक्त खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन उत्तर प्रदेश तथा जिलाधिकारी के निर्देश पर विभाग की टीमें लगातार बाजार में उपलब्ध दूध और दूध उत्पादों की गुणवत्ता की निगरानी कर रही हैं। इसी क्रम में गुरुवार को विभिन्न प्रतिष्ठानों पर कार्रवाई करते हुए सात खाद्य नमूने जांच के लिए संग्रहित किए गए।

दूध से लेकर पनीर और चीज तक की हुई जांच

सहायक आयुक्त खाद्य द्वितीय सर्वेश मिश्रा ने बताया कि आम नागरिकों को शुद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण खाद्य पदार्थ उपलब्ध कराने के उद्देश्य से खाद्य सुरक्षा अधिकारियों द्वारा विशेष अभियान चलाया जा रहा है। अभियान के तहत खाद्य सुरक्षा अधिकारी मुकेश कुमार ने हबीबपुर स्थित एक दूध पैकिंग इकाई से गाय के दूध का नमूना जांच के लिए लिया।

डेरी उत्पादों के कई नमूने किए गए संग्रहित

खाद्य सुरक्षा अधिकारी विजय बहादुर पटेल और रविंद्र नाथ वर्मा की टीम ने नोएडा फेस-2 स्थित डेरी इकाई से मक्खन का एक नमूना, प्रोसेस्ड चीज स्प्रेड के दो नमूने तथा चीज का एक नमूना संग्रहित किया। वहीं खाद्य सुरक्षा अधिकारी अमर बहादुर सरोज ने सेक्टर-45 स्थित डेरी प्रतिष्ठान से पनीर का नमूना लिया।

पिज्जा सॉस का भी लिया गया नमूना

खाद्य सुरक्षा अधिकारी रितु सक्सेना ने सेक्टर-68 स्थित एक खाद्य उत्पाद इकाई से पिज्जा सॉस का नमूना संग्रहित किया। विभाग की ओर से कुल सात नमूने लेकर उन्हें परीक्षण के लिए प्रयोगशाला भेजा जा रहा है।

जांच अभियान आगे भी रहेगा जारी

सहायक आयुक्त खाद्य द्वितीय सर्वेश मिश्रा ने कहा कि खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता सुनिश्चित करने के लिए आगे भी इसी प्रकार विशेष अभियान चलाए जाएंगे। निर्धारित मानकों के अनुरूप खाद्य एवं पेय पदार्थों की उपलब्धता सुनिश्चित करने के लिए नमूना संग्रहण और जांच की कार्रवाई लगातार जारी रहेगी। विभाग का उद्देश्य जनपदवासियों तक सुरक्षित, शुद्ध और गुणवत्तायुक्त खाद्य सामग्री पहुंचाना है।

 

नोट: अगर आपको यह खबर पसंद आई तो इसे शेयर करना न भूलें, देश-विदेश से जुड़ी ताजा अपडेट पाने के लिए कृपया Vnation के Facebook पेज को LikeTwitter पर Follow करना न भूलें...
Leave A Reply

Your email address will not be published.