UP Weather Alert: यूपी में मौसम लेने वाला है बड़ा करवट, आज झमाझम बारिश के आसार; 40 से ज्यादा जिलों में येलो अलर्ट, दो जिलों के लिए ऑरेंज चेतावनी
लखनऊ: उत्तर प्रदेश में भीषण गर्मी और उमस से परेशान लोगों के लिए राहत की खबर है। मौसम विभाग के अनुसार बंगाल की खाड़ी में बने निम्न दबाव के क्षेत्र का असर अब प्रदेश के मौसम पर दिखाई देने लगा है। इसके चलते सोमवार और अगले दो दिनों तक प्रदेश के कई हिस्सों में गरज-चमक के साथ अच्छी बारिश होने की संभावना है। मौसम विभाग ने 40 से अधिक जिलों के लिए येलो अलर्ट जारी किया है, जबकि दो जिलों में भारी बारिश की चेतावनी देते हुए ऑरेंज अलर्ट घोषित किया गया है।
बंगाल की खाड़ी में बने मौसमी तंत्र का दिखेगा असर
मौसम विभाग के अनुसार बंगाल की खाड़ी में सक्रिय निम्न दबाव क्षेत्र के कारण उत्तर प्रदेश में बारिश की गतिविधियां तेज होने की संभावना है। मौसम वैज्ञानिक प्रो. मनोज श्रीवास्तव ने बताया कि अगले दो दिनों तक प्रदेश के विभिन्न हिस्सों में बारिश के अनुकूल परिस्थितियां बनी रहेंगी। कई स्थानों पर गरज-चमक के साथ तेज बारिश दर्ज की जा सकती है।
गर्मी और उमस से बेहाल रहे लोग, तापमान सामान्य से ऊपर
रविवार को प्रदेश के कई इलाकों में सुबह तेज धूप निकली और दिन चढ़ने के साथ तापमान लगातार बढ़ता गया। देर रात तक उमस के कारण लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा। पंखे और कूलर भी राहत देने में नाकाम रहे। दिन का अधिकतम तापमान सामान्य से 4.7 डिग्री अधिक 38 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जबकि न्यूनतम तापमान सामान्य से 2.2 डिग्री अधिक 28.5 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया।
28 से 31 जुलाई तक पश्चिमी उत्तर प्रदेश में तेज बारिश के संकेत
मौसम विभाग के अनुसार पश्चिमी उत्तर प्रदेश में 28 जुलाई से 31 जुलाई के बीच भारी से मूसलाधार बारिश होने की संभावना है। अनुमान है कि 28 से 30 जुलाई के दौरान वर्षा सबसे अधिक प्रभावी रहेगी। इस दौरान कई क्षेत्रों में भारी तो कुछ स्थानों पर मूसलाधार बारिश दर्ज की जा सकती है, जिससे मौसम पूरी तरह बदलने की उम्मीद है।
मेरठ में जुलाई के दौरान अब तक 491.7 मिमी बारिश रिकॉर्ड की जा चुकी है, जो वर्ष 2018 में दर्ज 544.4 मिमी के रिकॉर्ड से केवल 52.7 मिमी कम है। यदि अनुमानित बारिश होती है तो इस बार जुलाई में पिछले डेढ़ दशक का सर्वाधिक वर्षा रिकॉर्ड टूट सकता है।
रविवार को मेरठ का अधिकतम तापमान 35.3 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 25.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। यह सामान्य से क्रमशः 2.6 और 0.1 डिग्री सेल्सियस अधिक रहा। वहीं, शहर का वायु गुणवत्ता सूचकांक 73 रिकॉर्ड किया गया।
इन जिलों में आज और कल बारिश की संभावना
मौसम विभाग ने बिजनौर, मुरादाबाद, रामपुर, पीलीभीत, बरेली, कासगंज, सहारनपुर, हरदोई, फर्रुखाबाद, सीतापुर, श्रावस्ती, बलरामपुर, गोंडा, बाराबंकी, लखनऊ, रायबरेली, फतेहपुर, बांदा, चित्रकूट, कौशांबी, प्रतापगढ़, अयोध्या, सुल्तानपुर, अंबेडकरनगर, अमेठी, प्रयागराज, मिर्जापुर, सोनभद्र, वाराणसी, चंदौली, जौनपुर, गाजीपुर, बलिया, मऊ, आजमगढ़, देवरिया, गोरखपुर, कुशीनगर, महराजगंज, सिद्धार्थनगर, संतकबीरनगर और बस्ती में सोमवार और मंगलवार को गरज-चमक के साथ झमाझम बारिश की संभावना जताई है। इन सभी जिलों के लिए येलो अलर्ट जारी किया गया है।
लखीमपुर खीरी और बहराइच के लिए ऑरेंज अलर्ट
मौसम विभाग ने लखीमपुर खीरी और बहराइच में भारी बारिश की आशंका को देखते हुए ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। इन दोनों जिलों में तेज बारिश के साथ स्थानीय स्तर पर जलभराव जैसी स्थिति बनने की संभावना जताई गई है।