विवेकानंद यूथ अवॉर्ड के लिए आवेदन शुरू, 10 अगस्त तक मिलेगा मौका, उत्कृष्ट कार्य करने वाले युवा करें अप्लाई

0 22

गौतमबुद्धनगर: जनपद के युवाओं के लिए विवेकानंद यूथ अवॉर्ड प्राप्त करने का सुनहरा अवसर है। शासन के निर्देशों के तहत वित्तीय वर्ष 2025-26 के लिए व्यक्तिगत श्रेणी में विवेकानंद यूथ अवॉर्ड हेतु आवेदन आमंत्रित किए गए हैं। पात्र युवा 10 अगस्त 2026 तक अपने आवेदन निर्धारित कार्यालय में जमा कर सकते हैं।

15 से 35 वर्ष आयु वर्ग के युवा होंगे पात्र

प्रभारी जिला युवा कल्याण एवं प्रादेशिक विकास दल अधिकारी अमृता चौधरी ने बताया कि यह पुरस्कार 15 से 35 वर्ष आयु वर्ग के युवाओं को प्रदान किया जाएगा। पात्रता के लिए आयु का निर्धारण नामांकन वर्ष की 1 जनवरी की स्थिति के आधार पर किया जाएगा।

इन क्षेत्रों में उत्कृष्ट कार्य करने वालों को मिलेगा सम्मान

उन्होंने बताया कि खेलकूद, परिवार कल्याण, वृक्षारोपण, अल्प बचत, रक्तदान, नशामुक्ति, जल संरक्षण, पुस्तकालय एवं वाचनालय की स्थापना और संचालन, जैविक खेती, सौर ऊर्जा संयंत्र स्थापना, स्वच्छता, राष्ट्रीय एकीकरण, साक्षरता, आपदा प्रबंधन, मतदाता जागरूकता, स्वास्थ्य, अनुसंधान, कला, संस्कृति एवं साहित्य, मानवाधिकारों के संवर्धन, पर्यटन, पारंपरिक चिकित्सा, सक्रिय नागरिकता, सामुदायिक सेवा, खेल एवं शैक्षिक उत्कृष्टता तथा स्मार्ट लर्निंग सहित विभिन्न विकासात्मक क्षेत्रों में उल्लेखनीय और उत्कृष्ट कार्य करने वाले युवाओं को इस पुरस्कार से सम्मानित किया जाएगा।

10 अगस्त तक तीन प्रतियों में जमा करने होंगे आवेदन

जिला युवा कल्याण एवं प्रादेशिक विकास दल अधिकारी ने जनपद के पात्र युवाओं से अपील की है कि वे अपने कार्यों के प्रमाणों के साथ आवेदन या प्रस्ताव बुकलेट फाइल के रूप में तीन प्रतियों में तैयार कर 10 अगस्त 2026 तक विकास भवन, गौतमबुद्धनगर स्थित कक्ष संख्या-311 में अनिवार्य रूप से जमा कर दें। प्राप्त प्रस्तावों को नियमानुसार समय पर शासन को भेजा जाएगा।

 

नोट: अगर आपको यह खबर पसंद आई तो इसे शेयर करना न भूलें, देश-विदेश से जुड़ी ताजा अपडेट पाने के लिए कृपया Vnation के Facebook पेज को LikeTwitter पर Follow करना न भूलें...
Leave A Reply

Your email address will not be published.