‘विकसित भारत’ के लिए बड़ा संकल्प! पीएम मोदी ने शुरू किया ‘नशा मुक्त युवा’ अभियान, 1 करोड़ से ज्यादा युवाओं से किया सीधा संवाद
नई दिल्ली: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने रविवार को ‘नशा मुक्त युवा, विकसित भारत संकल्प अभियान’ की शुरुआत करते हुए देशभर के युवाओं से नशे से दूर रहने और राष्ट्र निर्माण में सक्रिय भागीदारी निभाने का आह्वान किया। इस राष्ट्रव्यापी अभियान से 28 हजार से अधिक स्थानों पर आयोजित कार्यक्रमों के माध्यम से एक करोड़ से ज्यादा युवा जुड़े। प्रधानमंत्री के संबोधन से पहले देशभर के युवाओं ने एक साथ नशा मुक्त भारत बनाने की शपथ भी ली।
विकसित भारत के लिए स्वस्थ और नशा मुक्त युवा जरूरी: पीएम मोदी
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने अपने संबोधन की शुरुआत में कहा कि देश एक महान संकल्प के लिए एकजुट हुआ है। उन्होंने सभी संतों, राज्यपालों, मुख्यमंत्रियों, जनप्रतिनिधियों और देशभर से जुड़े युवाओं का अभिनंदन करते हुए कहा कि यह अभियान केवल किसी एक व्यक्ति या परिवार तक सीमित नहीं है, बल्कि पूरे राष्ट्र के भविष्य से जुड़ा हुआ है। उन्होंने कहा कि विकसित भारत के लक्ष्य को हासिल करने के लिए युवाओं का शारीरिक और मानसिक रूप से स्वस्थ, आत्मविश्वासी और नशे जैसी घातक आदतों से दूर रहना आवश्यक है।
हर युवा को नशे के खतरे से बचाना हमारी जिम्मेदारी
प्रधानमंत्री ने कहा कि समाज के प्रत्येक युवा को नशे के चंगुल में फंसने से बचाना सभी की साझा जिम्मेदारी है। उन्होंने शिक्षकों और प्रोफेसरों से अपने-अपने शिक्षण संस्थानों में नशे के खिलाफ जागरूकता अभियान चलाने की अपील की। उनका कहना था कि जो युवा नशे की लत को हराकर सामान्य जीवन में लौटता है, वह एक योद्धा है और समाज को उसका सम्मान करना चाहिए। उन्होंने यह भी कहा कि किसी व्यक्ति का अतीत उसकी पहचान नहीं बनना चाहिए और नशे के अवैध कारोबार में शामिल लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई लगातार जारी है।
देशभर के आध्यात्मिक और सामाजिक संगठन बने अभियान का हिस्सा
इस कार्यक्रम में कई प्रमुख आध्यात्मिक गुरु शामिल हुए, जिनमें पूज्य अम्मा, गुरुदेव श्री श्री रविशंकर, पूज्य दाजी, डॉ. चिन्मय पंड्या और स्वामी ब्रह्मविहारीजी शामिल रहे। इसके अलावा कई राज्यों के मुख्यमंत्री और राज्यपाल भी कार्यक्रम से जुड़े। अभियान में 125 से अधिक आध्यात्मिक संगठनों, शैक्षणिक संस्थानों, सार्वजनिक संगठनों और औद्योगिक संघों की भागीदारी सुनिश्चित की गई है। ब्रह्माकुमारीज, इस्कॉन, चिन्मय मिशन और ऑरोविले के वरिष्ठ प्रतिनिधियों ने भी इसमें सहभागिता की।
100 सप्ताह तक चलेगा राष्ट्रव्यापी जनभागीदारी अभियान
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने इस अभियान को लेकर सामाजिक माध्यम एक्स पर भी संदेश साझा किया। उन्होंने कहा कि ‘नशा मुक्त युवा, विकसित भारत संकल्प अभियान’ का उद्देश्य युवाओं को नशे की लत से दूर रहने के लिए प्रेरित करना और उन्हें समाज में सकारात्मक परिवर्तन का माध्यम बनाना है। उन्होंने बताया कि यह 100 सप्ताह तक चलने वाला राष्ट्रव्यापी जनभागीदारी अभियान होगा, जिसके तहत प्रत्येक रविवार को जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। इसमें 10 हजार से अधिक स्थानों पर युवा भागीदारी करेंगे, जबकि माय भारत, राष्ट्रीय सेवा योजना के स्वयंसेवक, स्कूल, कॉलेज, विश्वविद्यालय, युवा क्लब, गैर सरकारी संगठन और आध्यात्मिक संस्थाएं भी सक्रिय भूमिका निभाएंगी।
हर रविवार होंगे खेल, जागरूकता और सामाजिक सहभागिता कार्यक्रम
आधिकारिक बयान के अनुसार, इस पहल के साथ मादक पदार्थों के सेवन के खिलाफ 100 सप्ताह तक चलने वाले राष्ट्रीय अभियान की शुरुआत की गई है। अभियान के अंतर्गत प्रत्येक रविवार को देशभर में विभिन्न गतिविधियों का आयोजन होगा, जिनका उद्देश्य नशामुक्त समाज के प्रति जागरूकता बढ़ाना और जनभागीदारी को मजबूत करना है।
इन गतिविधियों में खेल प्रतियोगिताएं, वॉकाथॉन, ध्यान सत्र, सांस्कृतिक कार्यक्रम, जागरूकता अभियान, नुक्कड़ नाटक, परिचर्चा, कला प्रतियोगिताएं और सामुदायिक सहभागिता कार्यक्रम शामिल होंगे। इस पहल का उद्देश्य शैक्षणिक संस्थानों, युवा संगठनों, नागरिक संस्थाओं, उद्योग निकायों और आध्यात्मिक संगठनों को एक साझा मंच पर लाकर नशे के खिलाफ व्यापक जनआंदोलन को मजबूत करना है।