शारदा विश्वविद्यालय में ‘नशा मुक्त युवा फॉर विकसित भारत’ अभियान, 400 युवाओं ने प्रतियोगिताओं में दिखाया हुनर

0 26

ग्रेटर नोएडा: मेरा युवा भारत (MY Bharat), गौतम बुद्ध नगर की ओर से शुक्रवार को शारदा विश्वविद्यालय, ग्रेटर नोएडा में ‘नशा मुक्त युवा फॉर विकसित भारत’ अभियान के तहत जिला स्तरीय युवा प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में करीब 400 युवाओं ने उत्साह के साथ भाग लिया। विभिन्न प्रतियोगिताओं के जरिए युवाओं ने नशे से दूर रहने और स्वस्थ समाज के निर्माण का संदेश दिया।

युवा शक्ति को बताया विकसित भारत की आधारशिला

कार्यक्रम के मुख्य अतिथि गौतम बुद्ध नगर के मुख्य विकास अधिकारी भालचंद्र त्रिपाठी रहे। विशिष्ट अतिथियों में शारदा विश्वविद्यालय के वाइस चांसलर डॉ. सिबाराम खारा, डीन स्टूडेंट्स वेलफेयर डॉ. प्रमोद कुमार, एनएसएस कार्यक्रम अधिकारी डॉ. शांति नारायणन और मेरा युवा भारत के उप निदेशक शिवेन्द्र सिंह शामिल रहे।

मुख्य विकास अधिकारी भालचंद्र त्रिपाठी ने युवाओं को संबोधित करते हुए कहा कि युवा शक्ति विकसित भारत की सबसे बड़ी आधारशिला है। उन्होंने युवाओं से नशे से दूर रहने और स्वस्थ एवं अनुशासित जीवनशैली अपनाने की अपील की। उन्होंने कहा कि युवा राष्ट्र निर्माण में सक्रिय भूमिका निभाएं और समाज में नशा मुक्ति का संदेश फैलाने में योगदान दें।

अलग-अलग प्रतियोगिताओं में युवाओं ने दिखाई प्रतिभा

कार्यक्रम के दौरान वाद-विवाद एवं भाषण प्रतियोगिता ‘यूथ डायलॉग फॉर चेंज’ में कार्तिक गुप्ता ने पहला स्थान हासिल किया। ‘वर्ड्स फॉर चेंज’ स्लोगन लेखन प्रतियोगिता में सबरीन, ‘कलर्स फॉर चेंज’ चित्रकला प्रतियोगिता में दिव्यांशी श्योराण विजेता रहीं।

विषय आधारित नृत्य प्रतियोगिता में विश्वभारती पब्लिक स्कूल ने बाजी मारी। नुक्कड़ नाटक एवं मूक अभिनय में नाट्यक्रांति शारदा विश्वविद्यालय की टीम विजेता रही। वहीं काव्य प्रस्तुति ‘वॉइसेज फॉर चेंज’ में यश, संगीत एवं रैप में विवेक तथा रील निर्माण एवं लघु फिल्म प्रतियोगिता में प्रतिभा ने जीत दर्ज की।

राज्य स्तरीय प्रतियोगिता में करेंगे जिले का प्रतिनिधित्व

प्रतियोगिता में शामिल प्रतिभागियों को प्रमाण-पत्र प्रदान किए गए। विजेताओं को बधाई देते हुए बताया गया कि वे आगामी दिनों में होने वाली राज्य स्तरीय प्रतियोगिताओं में गौतम बुद्ध नगर का प्रतिनिधित्व करेंगे। इस दौरान युवाओं को नशे से दूर रहकर सकारात्मक दिशा में अपनी ऊर्जा लगाने के लिए प्रेरित किया गया।

शिक्षकों और स्वयंसेवकों का रहा महत्वपूर्ण योगदान

कार्यक्रम के सफल आयोजन में शारदा विश्वविद्यालय के शिक्षकों, एनएसएस स्वयंसेवकों, मेरा युवा भारत गौतम बुद्ध नगर की टीम और सभी प्रतिभागियों का महत्वपूर्ण योगदान रहा। कार्यक्रम का समापन नशा मुक्त, स्वस्थ और विकसित भारत के निर्माण के लिए सामूहिक संकल्प के साथ हुआ।

 

नोट: अगर आपको यह खबर पसंद आई तो इसे शेयर करना न भूलें, देश-विदेश से जुड़ी ताजा अपडेट पाने के लिए कृपया Vnation के Facebook पेज को LikeTwitter पर Follow करना न भूलें...
Leave A Reply

Your email address will not be published.