श्रीलंका में टीम इंडिया का धमाका, 165 रन से जीता पहला टेस्ट; मानव सुथार ने झटके 10 विकेट

0 29

गॉल: भारतीय क्रिकेट टीम ने श्रीलंका दौरे का आगाज शानदार जीत के साथ किया है। गॉल में खेले गए पहले टेस्ट मैच में भारत ने मेजबान श्रीलंका को 165 रनों से मात दी। मुकाबले के पांचवें दिन श्रीलंका की दूसरी पारी 206 रनों पर सिमट गई। इस जीत के साथ ही भारतीय टीम ने दो मैचों की टेस्ट सीरीज में 1-0 की बढ़त हासिल कर ली है। यह भारतीय टीम का 600वां टेस्ट मैच था, जिसमें उसे जीत मिली। पहली पारी में 167 रन बनाने वाले देवदत्त पडिक्कल को प्लेयर ऑफ द मैच चुना गया। उन्होंने दूसरी पारी में भी 44 रन बनाए।

भारत ने श्रीलंका के सामने रखा 372 रन का लक्ष्य

भारतीय टीम ने श्रीलंका के सामने जीत के लिए 372 रनों का बड़ा लक्ष्य रखा था। इसके जवाब में मेजबान टीम की दूसरी पारी 206 रनों पर समाप्त हो गई। श्रीलंका की धरती पर भारत को नौ साल बाद टेस्ट जीत मिली है। इससे पहले टीम इंडिया ने अगस्त 2017 में पल्लेकेले में श्रीलंका को हराया था। इसके साथ ही श्रीलंका में भारत की टेस्ट जीत का सिलसिला लगातार छठी जीत तक पहुंच गया है। भारतीय टीम अगस्त 2015 से श्रीलंका को उसी की जमीन पर टेस्ट मुकाबलों में हराती आ रही है।

मानव सुथार ने गेंद से मचाया कहर

भारत की इस जीत में स्पिन गेंदबाज मानव सुथार का अहम योगदान रहा। उन्होंने दोनों पारियों में कुल 10 श्रीलंकाई बल्लेबाजों को पवेलियन भेजा। पहली पारी में सुथार ने चार विकेट हासिल किए, जबकि दूसरी पारी में उन्होंने छह विकेट झटके।

दूसरी पारी में उनके प्रदर्शन की खास बात यह रही कि छह में से चार विकेट उन्होंने अपनी आखिरी 10 गेंदों में हासिल किए। अफगानिस्तान के खिलाफ अपने पदार्पण टेस्ट मैच में सात विकेट लेने वाले मानव सुथार ने अब श्रीलंका के खिलाफ पहले टेस्ट में 10 विकेट लेकर टेस्ट क्रिकेट में अपना पहला 10 विकेट हॉल पूरा किया है।

पडिक्कल के 167 रन से भारत ने खड़ा किया विशाल स्कोर

भारतीय टीम ने मुकाबले में बल्लेबाजी से भी मजबूत शुरुआत की। पहली पारी में देवदत्त पडिक्कल की 167 रनों की शानदार पारी के दम पर भारत ने 462 रन बनाए। इसके जवाब में श्रीलंका की पहली पारी 284 रनों पर सिमट गई।

दूसरी पारी में भारतीय बल्लेबाजी 193 रनों पर समाप्त हुई। इसके बाद श्रीलंका को जीत के लिए 372 रनों का लक्ष्य मिला। लक्ष्य का पीछा करते हुए श्रीलंका की टीम 77.4 ओवर में 206 रन बनाकर ऑलआउट हो गई।

सोनल दिनुशा और धनंजय डी सिल्वा ने किया संघर्ष

श्रीलंका की ओर से दूसरी पारी में सोनल दिनुशा सबसे ज्यादा रन बनाने वाले बल्लेबाज रहे। उन्होंने 84 रनों की पारी खेली। कप्तान धनंजय डी सिल्वा ने भी 59 रन बनाए, लेकिन दोनों की पारियां टीम को जीत तक नहीं पहुंचा सकीं। भारतीय गेंदबाजों के सामने श्रीलंका की पूरी टीम 206 रन पर ढेर हो गई और भारत ने पहला टेस्ट 165 रनों से अपने नाम कर लिया।

 

नोट: अगर आपको यह खबर पसंद आई तो इसे शेयर करना न भूलें, देश-विदेश से जुड़ी ताजा अपडेट पाने के लिए कृपया Vnation के Facebook पेज को LikeTwitter पर Follow करना न भूलें...
Leave A Reply

Your email address will not be published.