ईशा कोप्पिकर ने खुद को बताया ‘अंधभक्त’, कंगना रनौत ने किया समर्थन; बोलीं- मुझे अपने देश और लोगों से प्यार

0 27

मुंबई: अभिनेत्री ईशा कोप्पिकर ने सोशल मीडिया पर एक वीडियो साझा कर खुद को ‘अंधभक्त’ बताया है। उन्होंने स्पष्ट किया कि उनकी यह भक्ति किसी राजनीतिक दल के लिए नहीं, बल्कि अपने देश के लिए है। ईशा के इस वीडियो पर अभिनेत्री और बीजेपी सांसद कंगना रनौत ने भी प्रतिक्रिया दी और उनका समर्थन किया। कंगना ने अपनी इंस्टाग्राम स्टोरी पर ईशा का वीडियो साझा करते हुए अपने जीवन से जुड़ी कुछ घटनाओं का भी जिक्र किया।

कंगना रनौत ने ईशा कोप्पिकर का किया समर्थन

ईशा कोप्पिकर के वीडियो को साझा करते हुए कंगना रनौत ने बताया कि हाई स्कूल के दौरान उन्होंने एक ऐसे शिक्षक का विरोध किया था, जो प्रार्थना सभा के दौरान छोटे बच्चों के सिर पर छड़ी से मारता था। उन्होंने 26/11 हमले और निर्भया के साथ हुई बर्बरता के खिलाफ आवाज उठाने का भी जिक्र किया।

कंगना ने कहा कि उन्होंने कभी अपने सामने आई परेशानियों के लिए अपने माता-पिता को जिम्मेदार नहीं ठहराया। उन्होंने यह भी कहा कि उन्होंने अपने परिवार के जीवन स्तर को उतना ही ऊपर उठाया, जितना उन्होंने अपने लिए हासिल किया। कंगना के मुताबिक, जब भी वह किसी से मिलती हैं तो लोग उन्हें किसी का भक्त मान लेते हैं, जबकि उनका कहना है कि वह अपने देश और देश के लोगों से प्यार करती हैं।

ईशा ने कहा- देश से प्यार करना अंधभक्ति है तो मैं अंधभक्त हूं

ईशा कोप्पिकर ने मंगलवार को सोशल मीडिया पर अपना वीडियो साझा किया था। इसमें उन्होंने भारत के प्रति अपने प्रेम की बात करते हुए उन्हें ट्रोल करने वालों पर सवाल उठाए। अभिनेत्री ने लोगों से अपने देश पर गर्व करने की अपील भी की।

ईशा ने कहा कि अगर अपने देश से प्यार करना अंधभक्ति है तो वह अंधभक्त हैं। हालांकि, उन्होंने साफ किया कि उनकी यह भावना किसी राजनीतिक पार्टी के लिए नहीं, बल्कि देश के लिए है। उन्होंने कहा कि उनके लिए देश सबसे पहले है और वह सरकार से सवाल भी कर सकती हैं तथा उसकी नीतियों से असहमत भी हो सकती हैं।

‘मेरा देश मेरा घर है, मुझे इस पर गर्व है’

ईशा ने कहा कि भारत उनका देश और घर है, जहां उन्होंने अपनी रोजी-रोटी कमाई है और अभी भी कमा रही हैं। उन्होंने कहा कि देश ने उन्हें आगे बढ़ने के अवसर दिए हैं और इसलिए उन्हें अपने देश पर गर्व करने में कोई शर्म नहीं है।

अभिनेत्री ने लोगों से अपील की कि वे चाहे जहां रहें, उस जगह से प्यार करना और उसका सम्मान करना सीखें। उन्होंने कहा कि जिस घर को उन्होंने चुना है, उस पर गर्व करना चाहिए।

ईशा बोलीं- देशभक्ति का मतलब देश के लिए कुछ करना है

ईशा कोप्पिकर ने आगे कहा कि देशभक्ति सिर्फ यह कहने तक सीमित नहीं है कि उन्हें अपने देश से प्यार है। उनके मुताबिक, देशभक्ति का वास्तविक अर्थ ऐसे काम करना है, जिससे देश में सुधार हो।

उन्होंने लोगों से यह सोचने की अपील की कि देश ने उन्हें क्या दिया, इसके बजाय वे देश के लिए क्या कर सकते हैं। ईशा ने कहा कि देश बदल रहा है और लोग उन्हें भक्त, अंधभक्त या राष्ट्रवादी कहें, लेकिन वह एक भारतीय हैं और उन्हें अपने भारत से प्यार है। उन्होंने यह भी कहा कि उन्हें अपने देश पर पूरा भरोसा है।

स्टूडेंट्स के प्रदर्शन पर चुप्पी को लेकर हुई थीं ट्रोल

दरअसल, पिछले कुछ दिनों से ईशा कोप्पिकर को स्टूडेंट्स के प्रदर्शन को लेकर चुप्पी साधने पर सोशल मीडिया पर ट्रोल किया जा रहा था। इसी के बाद अभिनेत्री ने वीडियो साझा कर अपनी बात रखी और देश के प्रति अपने नजरिए को स्पष्ट किया।

 

नोट: अगर आपको यह खबर पसंद आई तो इसे शेयर करना न भूलें, देश-विदेश से जुड़ी ताजा अपडेट पाने के लिए कृपया Vnation के Facebook पेज को LikeTwitter पर Follow करना न भूलें...
Leave A Reply

Your email address will not be published.