किसानों के लिए बड़ी खबर! 6 लाख रुपये तक का दीर्घकालीन ऋण, लखनऊ में ‘मुख्यमंत्री कृषक समृद्धि योजना’ का शुभारंभ

0 26

लखनऊ: उत्तर प्रदेश के छोटे और सीमांत किसानों को आर्थिक रूप से मजबूत बनाने के लिए मुख्यमंत्री कृषक समृद्धि योजना और भारत टैक्सी का शुभारंभ बुधवार को लखनऊ में किया गया। कार्यक्रम का सजीव प्रसारण गौतमबुद्धनगर के जेवर विकासखंड में बड़ी संख्या में किसानों ने देखा। इस दौरान जेवर विधायक धीरेंद्र सिंह मुख्य अतिथि और ब्लॉक प्रमुख जेवर मुन्नी देवी विशिष्ट अतिथि के रूप में मौजूद रहीं।

किसानों को योजना के प्रावधानों की दी गई जानकारी

सजीव प्रसारण के दौरान किसानों को मुख्यमंत्री कृषक समृद्धि योजना से जुड़ी पात्रता, ऋण सीमा, ब्याज दर, ब्याज अनुदान, ऋण की अवधि और आसान मासिक किस्तों समेत विभिन्न प्रावधानों की जानकारी दी गई। इसके साथ ही भारत टैक्सी योजना से संबंधित जरूरी जानकारी भी किसानों को उपलब्ध कराई गई।

6 लाख रुपये तक का मिलेगा दीर्घकालीन ऋण

मुख्यमंत्री कृषक समृद्धि योजना का संचालन उत्तर प्रदेश सहकारी ग्राम विकास बैंक लिमिटेड (एलडीबी) के माध्यम से किया जा रहा है। योजना के तहत छोटे और सीमांत किसानों के साथ नियमित रूप से ऋण चुकाने वाले पात्र पूर्व ऋणी सदस्यों को 6 लाख रुपये तक का दीर्घकालीन ऋण उपलब्ध कराया जाएगा। ऋण की अवधि 5 वर्ष या उससे अधिक रखी गई है, जबकि प्रभावी ब्याज दर 6 प्रतिशत निर्धारित की गई है।

समय पर किस्त चुकाने वाले किसानों को ब्याज अनुदान

योजना के तहत ऋण की किस्तों का समय पर भुगतान करने वाले पात्र किसानों को राज्य सरकार की ओर से ब्याज अनुदान दिया जाएगा। इसके तहत 6 प्रतिशत की दर पर ऋण उपलब्ध कराया जाएगा। इससे किसानों की ऋण लागत कम होने के साथ उन्हें आसान मासिक किस्तों के जरिए ऋण चुकाने की सुविधा मिलेगी।

384 करोड़ रुपये का प्रावधान, 5 लाख किसानों को लाभ का लक्ष्य

सरकार ने मुख्यमंत्री कृषक समृद्धि योजना के लिए 384 करोड़ रुपये की धनराशि का प्रावधान किया है। अगले पांच वर्षों में करीब 5 लाख किसानों को योजना से लाभान्वित करने का लक्ष्य रखा गया है। योजना के तहत खेती के अलावा कृषि आधारित गतिविधियों और पात्र गैर-कृषि गतिविधियों के लिए भी ऋण उपलब्ध कराने का प्रावधान किया गया है।

पात्र किसानों से आवेदन करने की अपील

कार्यक्रम में मौजूद अधिकारियों ने किसानों से योजना का अधिक से अधिक लाभ उठाने की अपील की। पात्र किसानों को संबंधित बैंक या भूमि विकास बैंक की शाखा से योजना की पात्रता और जरूरी दस्तावेजों की जानकारी लेकर आवेदन करने के लिए कहा गया।

ये अधिकारी और किसान रहे मौजूद

कार्यक्रम के संयोजक नरेश अमराला, डायरेक्टर, यूपीआरएनएसएस रहे। इस दौरान खंड विकास अधिकारी जेवर, भूमि विकास बैंक जेवर के प्रतिनिधि मुरलीधर शर्मा, भूमि विकास बैंक के शाखा अध्यक्ष, डीसीबी जेवर के शाखा प्रबंधक, सहकारिता विभाग के अधिकारी और क्षेत्र के बड़ी संख्या में किसान मौजूद रहे।

 

नोट: अगर आपको यह खबर पसंद आई तो इसे शेयर करना न भूलें, देश-विदेश से जुड़ी ताजा अपडेट पाने के लिए कृपया Vnation के Facebook पेज को LikeTwitter पर Follow करना न भूलें...
Leave A Reply

Your email address will not be published.