यूपी को आज मिलेंगी 8 नेशनल हाईवे परियोजनाओं की सौगात! 36.77 अरब रुपये खर्च होंगे, पांच जिलों की राह होगी आसान

0 15

जौनपुर: केंद्रीय सड़क परिवहन मंत्री नितिन गडकरी गुरुवार को उत्तर प्रदेश को आठ राष्ट्रीय राजमार्ग परियोजनाओं की सौगात देंगे। जौनपुर के मुंगराबादशाहपुर स्थित सार्वजनिक इंटर कॉलेज में आयोजित समारोह में इन परियोजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास किया जाएगा। कुल 36.77 अरब रुपये की योजनाओं में 467 करोड़ रुपये की पांच परियोजनाओं का शिलान्यास और 3210 करोड़ रुपये की तीन परियोजनाओं का लोकार्पण शामिल है। इनसे जौनपुर के अलावा प्रतापगढ़, प्रयागराज, भदोही और आजमगढ़ के लोगों को भी सीधा लाभ मिलेगा।

केंद्रीय मंत्री कार्यक्रम में जनसभा को भी संबोधित करेंगे। राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (एनएचएआई) के अधिकारी देर शाम तक आयोजन की तैयारियों को अंतिम रूप देने में जुटे रहे। निर्धारित कार्यक्रम के मुताबिक, गडकरी करीब दो घंटे जौनपुर में रहेंगे और दोपहर लगभग सवा एक बजे रवाना हो जाएंगे। उनके आगमन को देखते हुए सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए गए हैं।

फोरलेन और आरओबी से आजमगढ़-भदोही को फायदा

नितिन गडकरी एनएच-128ए पर जौनपुर में लता मंगेशकर तिराहे से प्रसाद इंस्टीट्यूट तक 4.7 किलोमीटर लंबे फोरलेन मार्ग का शिलान्यास करेंगे। इस परियोजना पर 33 करोड़ रुपये खर्च किए जाएंगे। इससे जौनपुर के रास्ते आजमगढ़ जाने वाले यात्रियों को सुविधा मिलेगी।

मड़ियाहूं कस्बे में 92 करोड़ रुपये की लागत से 1.5 किलोमीटर लंबे रेल ओवरब्रिज (आरओबी) के निर्माण के लिए भी भूमि पूजन होगा। इससे भदोही की ओर आने-जाने वाले लोगों को लाभ मिलेगा। इसके अलावा 627 करोड़ रुपये की लागत से तैयार मछलीशहर-भदोही टू लेन सड़क का लोकार्पण किया जाएगा।

बाईपास से प्रयागराज जाने वालों को मिलेगी राहत

मुंगराबादशाहपुर में 198 करोड़ रुपये की लागत से बन रहे चार किलोमीटर लंबे बाईपास का शुभारंभ किया जाएगा। इसके बनने से शहर के बीच से गुजरने वाले वाहनों का दबाव कम होगा और प्रयागराज जाने वाले लोगों को जाम से राहत मिलेगी। इससे जौनपुर, प्रयागराज और प्रतापगढ़ मार्ग पर आवागमन भी सुगम होने की उम्मीद है।

इसके साथ ही एनएच-135ए पर सई नदी पर 16 करोड़ रुपये की लागत से बनने वाले 0.23 किलोमीटर लंबे पुल और 128 करोड़ रुपये की लागत से प्रस्तावित 12 किलोमीटर लंबे जौनपुर बाईपास के लिए भूमि पूजन किया जाएगा।

रायबरेली-प्रयागराज मार्ग की परियोजनाओं का भी लोकार्पण

समारोह में 1078 करोड़ रुपये की लागत से एनएच-30 के रायबरेली-प्रयागराज खंड पर जगतपुर, बाबूगंज, ऊंचाहार और अलापुर बाईपास के साथ सई नदी पुल के फोरलेन बाईपास का लोकार्पण होगा। इसके अलावा 1505 करोड़ रुपये की लागत से निर्मित रायबरेली-प्रयागराज लिंक रोड भी जनता को समर्पित की जाएगी।

कार्यक्रम की तैयारियों और केंद्रीय मंत्री के स्वागत को लेकर स्थानीय जनप्रतिनिधि भी सक्रिय रहे। राज्यसभा सांसद सीमा द्विवेदी, भाजपा जिलाध्यक्ष अजीत प्रजापति, प्रदेश सरकार के मंत्री गिरीशचंद्र यादव, पूर्व विधायक सुषमा पटेल और ब्लॉक प्रमुख सत्येंद्र सिंह फंटू आयोजन से जुड़ी व्यवस्थाओं में जुटे रहे।

 

नोट: अगर आपको यह खबर पसंद आई तो इसे शेयर करना न भूलें, देश-विदेश से जुड़ी ताजा अपडेट पाने के लिए कृपया Vnation के Facebook पेज को Like व Twitter पर Follow करना न भूलें...
Leave A Reply

Your email address will not be published.