गौतमबुद्धनगर में बैंकर्स को CDO की दो टूक, सरकारी योजनाओं के पात्रों को प्राथमिकता से दें लोन; CD रेशियो बढ़ाने पर जोर

0 50

गौतमबुद्धनगर: जिले की आर्थिक व्यवस्था को मजबूत बनाने और केंद्र व प्रदेश सरकार की ऋण योजनाओं का लाभ पात्र लोगों तक पहुंचाने के लिए कलेक्ट्रेट सभागार में जिला स्तरीय बैंकर्स समिति (DLRC एवं DCC) की बैठक आयोजित की गई। मुख्य विकास अधिकारी भाल चंद्र त्रिपाठी की अध्यक्षता में हुई इस बैठक में बैंकिंग कार्यों की समीक्षा की गई। सीडीओ ने सभी बैंक अधिकारियों को सकारात्मक दृष्टिकोण अपनाते हुए सरकारी ऋण योजनाओं के पात्र लाभार्थियों को प्राथमिकता के आधार पर ऋण स्वीकृत करने के निर्देश दिए।

ऋण आवेदनों का समयबद्ध निस्तारण करने के निर्देश

मुख्य विकास अधिकारी ने कहा कि जिले की आर्थिक प्रगति और विकास में बैंकों की महत्वपूर्ण भूमिका है। उन्होंने निर्देश दिए कि विभिन्न विभागों के माध्यम से बैंकों को भेजे गए ऋण आवेदनों का समयबद्ध और गुणवत्तापूर्ण निस्तारण किया जाए। पात्र लाभार्थियों को अधिक से अधिक ऋण उपलब्ध कराया जाए, ताकि सरकारी योजनाओं का लाभ ज्यादा से ज्यादा लोगों तक पहुंच सके।

57.29 प्रतिशत रहा जिले का CD रेशियो

बैठक में बैंकिंग कार्यों की समीक्षा के दौरान सामने आया कि जिले का क्रेडिट-डिपॉजिट (CD) रेशियो पिछली तिमाही में 57.29 प्रतिशत रहा। इस पर सीडीओ ने चिंता जताते हुए कहा कि जिले की कई बैंक शाखाओं का सीडी रेशियो अपेक्षाकृत कम है।

उन्होंने कम सीडी रेशियो वाले बैंकों को पत्र भेजकर उनसे विस्तृत कार्ययोजना प्राप्त करने के निर्देश दिए। साथ ही सभी बैंकों से भारतीय रिजर्व बैंक के निर्धारित मानकों और दिशा-निर्देशों के अनुरूप सीडी रेशियो बढ़ाने के लिए प्रभावी कदम उठाने को कहा।

फसल बीमा और युवा उद्यमी योजना के लंबित मामलों पर सख्ती

मुख्य विकास अधिकारी ने प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना के तहत अधिक से अधिक किसानों को लाभ पहुंचाने के निर्देश दिए। इसके अलावा मुख्यमंत्री युवा उद्यमी विकास योजना, प्रधानमंत्री सूर्यघर मुफ्त बिजली योजना और राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन के तहत लंबित ऋण मामलों का जल्द निस्तारण करने को कहा।

उन्होंने निर्देश दिया कि अग्रणी जिला प्रबंधक संबंधित विभागीय अधिकारियों के साथ समन्वय बनाकर संबंधित बैंक शाखाओं का दौरा करें। इस दौरान लंबित ऋण प्रकरणों की समीक्षा कर उनका प्रभावी निस्तारण सुनिश्चित कराया जाए, जिससे पात्र लोगों को समय पर योजनाओं का लाभ मिल सके।

बैंक आने वाले हर ग्राहक को बताएं सरकारी योजनाओं के फायदे

बैठक में वित्तीय समावेशन से जुड़ी योजनाओं के प्रचार-प्रसार पर भी जोर दिया गया। इनमें प्रधानमंत्री सुरक्षा बीमा योजना, प्रधानमंत्री जीवन ज्योति बीमा योजना, अटल पेंशन योजना, प्रधानमंत्री जनधन योजना और प्रधानमंत्री मुद्रा योजना शामिल हैं।

सीडीओ ने निर्देश दिए कि बैंक में आने वाले प्रत्येक ग्राहक को इन योजनाओं की जानकारी दी जाए, ताकि अधिक से अधिक नागरिक वित्तीय समावेशन से जुड़ सकें। उन्होंने सभी बैंकों से सरकारी योजनाओं के पात्र लाभार्थियों को प्राथमिकता देते हुए सक्रिय भूमिका निभाने की अपेक्षा की।

IGRS शिकायतों और आधार सेवा केंद्रों की भी होगी निगरानी

बैठक में IGRS पोर्टल पर मिलने वाली शिकायतों का समयबद्ध और गुणवत्तापूर्ण निस्तारण करने के निर्देश दिए गए। इसके साथ ही जिले में संचालित आधार सेवा केंद्रों का समय-समय पर निरीक्षण करने को कहा गया, ताकि नागरिकों को आधार से जुड़ी सेवाएं सुचारु रूप से मिल सकें।

बैठक में अग्रणी जिला प्रबंधक राम विनोद कुमार, विभिन्न बैंकों के प्रतिनिधि और संबंधित विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।

 

नोट: अगर आपको यह खबर पसंद आई तो इसे शेयर करना न भूलें, देश-विदेश से जुड़ी ताजा अपडेट पाने के लिए कृपया Vnation के Facebook पेज को Like व Twitter पर Follow करना न भूलें...
Leave A Reply

Your email address will not be published.