गौतमबुद्धनगर में पोषण योजनाओं की समीक्षा, CDO ने दिए सख्त निर्देश; कुपोषित बच्चों की निगरानी में लापरवाही पर जताई नाराजगी
गौतमबुद्धनगर: जिले में पोषण और बाल विकास से जुड़ी योजनाओं को प्रभावी ढंग से लागू करने के लिए मुख्य विकास अधिकारी भालचंद्र त्रिपाठी की अध्यक्षता में जिला पोषण समिति की समीक्षा बैठक आयोजित की गई। इसमें संभव अभियान, पोषण ट्रैकर, टेक होम राशन, हॉट कुक्ड मील, आंगनबाड़ी केंद्रों की सुविधाओं और सक्षम योजना समेत कई महत्वपूर्ण योजनाओं की प्रगति की समीक्षा की गई। बैठक में अधिकारियों को योजनाओं का लाभ हर पात्र व्यक्ति तक पहुंचाने और निर्धारित लक्ष्यों को समय पर पूरा करने के निर्देश दिए गए।
कुपोषित बच्चों की नियमित निगरानी पर जोर
बैठक में गर्भवती एवं धात्री महिलाओं, शिशुओं और कुपोषित बच्चों के स्वास्थ्य व पोषण की स्थिति पर विशेष चर्चा हुई। मुख्य विकास अधिकारी ने सैम और मैम श्रेणी के बच्चों की नियमित निगरानी करने, समय पर स्वास्थ्य परीक्षण कराने और जरूरत पड़ने पर उन्हें पोषण पुनर्वास केंद्र भेजने के निर्देश दिए। उन्होंने पोषण पुनर्वास केंद्र की व्यवस्थाओं और कार्यप्रणाली में सुधार लाने पर भी जोर दिया।
पात्र लाभार्थियों को गुणवत्तापूर्ण पोषाहार देने के निर्देश
टेक होम राशन और हॉट कुक्ड मील योजना की समीक्षा करते हुए सीडीओ ने कहा कि शासन के निर्धारित मानकों के अनुसार सभी पात्र लाभार्थियों को गुणवत्तापूर्ण पोषाहार उपलब्ध कराया जाए। अलग-अलग आयु वर्ग के बच्चों, कुपोषित बच्चों और गर्भवती व धात्री महिलाओं को तय मानकों के मुताबिक पोषाहार वितरण सुनिश्चित करने को कहा गया। इसके साथ ही आधार फेस मैचिंग और एफआरएस से जुड़े कार्य समयबद्ध तरीके से पूरे करने के निर्देश दिए गए।
आंगनबाड़ी केंद्रों की निगरानी में लापरवाही पर नाराजगी
प्रारंभिक बाल्यावस्था देखभाल एवं शिक्षा (ECCE) की समीक्षा के दौरान आंगनबाड़ी केंद्रों में पंजीकृत बच्चों की उपस्थिति और पोषण ट्रैकर पर जरूरी जानकारियों की फीडिंग में सुधार लाने को कहा गया। मुख्य विकास अधिकारी ने इस काम में लापरवाही पर नाराजगी जताई। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को नियमित निगरानी करने और आंगनबाड़ी केंद्रों पर अभिभावक बैठकों का प्रभावी आयोजन सुनिश्चित कराने के निर्देश दिए।
दिव्यांग बच्चों का सत्यापन और अपार आईडी बनाने में तेजी लाने को कहा
दिव्यांगजन सत्यापन और अपार आईडी की प्रगति की समीक्षा करते हुए सीडीओ ने शेष बच्चों का सत्यापन जल्द पूरा कराने के निर्देश दिए। साथ ही पात्र बच्चों की अपार आईडी जनरेट करने के काम में तेजी लाने को कहा। प्रधानमंत्री मातृ वंदना योजना की समीक्षा के दौरान कम प्रगति वाले क्षेत्रों पर विशेष ध्यान देने और निर्धारित लक्ष्यों को समय से पूरा कराने के निर्देश भी दिए गए।
आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों के प्रशिक्षण और सुविधाओं पर जोर
बैठक के अंत में मुख्य विकास अधिकारी ने कहा कि जिले में संचालित पोषण एवं बाल विकास योजनाओं का लाभ सभी पात्र लाभार्थियों तक प्रभावी ढंग से पहुंचना चाहिए। उन्होंने आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों के प्रशिक्षण को बेहतर बनाने, अभिभावक बैठकों की संख्या और गुणवत्ता बढ़ाने तथा केंद्रों की आधारभूत सुविधाओं में सुधार करने के निर्देश दिए।
उन्होंने संबंधित विभागों के अधिकारियों से आपसी समन्वय के साथ काम करने को कहा। साथ ही स्पष्ट किया कि योजनाओं की नियमित समीक्षा की जाए और जिन क्षेत्रों में प्रगति कम है, वहां विशेष ध्यान देकर तय लक्ष्यों को समय पर पूरा कराया जाए। बैठक में जिला कार्यक्रम अधिकारी सहित संबंधित विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।