Weather Report Today: यूपी में मानसून ने पकडी रफ्तार, अगले दो दिनों में इन जिलों में होगी भारी बारिश

0 603

लखनऊ। यूपी में मानसून धीरे-धीरे रफ्तार पकड़ रहा है। बुधवार को गोरखपुर-बस्ती मंडल में झमाझम तो वाराणसी और आसपास के जिलों में कहीं हल्की तो कहीं भारी बारिश हुई। इस दौरान बिजली गिरने से छह लोगों की मौत हो गई। मौसम विभाग के मुताबिक अगले दो दिनों में मानसून के पूरी तरह सक्रिय होने की संभावना है। इसके चलते महोबा, झांसी, उरई, बहराइच, अयोध्या और श्रावस्ती समेत प्रदेश के कई हिस्सों में भारी बारिश हो सकती है।

गोरखपुर-बस्ती मंडल में बुधवार तड़के 3 बजे के बाद शुरू हुई बारिश रह-रहकर दिन भर होती रही। इस दौरान गोरखपुर आकाशवाणी केंद्र पर बिजली गिरने से प्रसारण बाधित हुआ तो देवरिया में टॉवर पर बिजली गिरने से संचार सेवा ठप हो गई। संतकबीरनगर में बिजली गिरने से मंदिर का गुंबद और दीवार क्षतिग्रस्त हो गई। पुजारी व अन्य लोग बाल-बाल बचे। बारिश से सिद्धार्थनगर जिले की सभी नदियां उफान पर हैं।

कुशीनगर में नारायणी नदी छितौनी बांध के भैंसहा गेज पर चेतावनी बिंदु से 60 सेंटीमीटर ऊपर बह रही है। महराजगंज में नेपाल से आने वाली चंदन व झरही नदी का जलस्तर बढ़ गया है। गाजीपुर, मऊ, आजमगढ़, जौनपुर, चंदौली और भदोही में झमाझम बारिश हुई। वहीं, वाराणसी और सोनभद्र में हल्की बूंदाबादी हुई। बारिश के दौरान बिजली गिरने से बलिया-सिद्धार्थनगर में दो-दो और गोरखपुर व फतेहपुर में एक-एक व्यक्ति की मौत हो गई। महराजगंज के कोठीभार क्षेत्र में बिजली गिरने से दो भैंसें मर गईं।

नोट: अगर आपको यह खबर पसंद आई तो इसे शेयर करना न भूलें, देश-विदेश से जुड़ी ताजा अपडेट पाने के लिए कृपया Vnation के Facebook पेज को Like व Twitter पर Follow करना न भूलें...
Leave A Reply

Your email address will not be published.