सिसोदिया हैं शराब घोटाले के आरोपी नंबर वन, भ्रष्टाचार के प्रमुख अरविंद केजरीवाल: अनुराग ठाकुर

0 899

नई दिल्ली: केंद्रीय मंत्री अनुराग ठाकुर ने शराब घोटाले के लिए दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल पर निशाना साधते हुए कहा है कि मनीष सिसोदिया इस शराब घोटाले के आरोपी नंबर वन हैं, जबकि भ्रष्टाचार के प्रमुख अरविंद केजरीवाल हैं। पार्टी मुख्यालय में मीडिया को संबोधित करते हुए अनुराग ठाकुर ने कहा कि आम आदमी पार्टी का भ्रष्टाचार आज देश और दुनिया तक पहुंच रहा है। उन्होंने कहा कि केजरीवाल भ्रष्टाचार के नए रिकॉर्ड बनाने में नंबर वन हैं और शराब घोटाले के बाद मनीष सिसोदिया अब पत्रकारों के सवालों का जवाब भी नहीं दे पा रहे हैं।

आम आदमी पार्टी की सरकार को रेवड़ी सरकार और बेवड़ी सरकार की संज्ञा देते हुए अनुराग ठाकुर ने पूछा कि अरविंद केजरीवाल और मनीष सिसोदिया ये बताएं कि ब्लैक लिस्टेड कंपनियों को शराब बेचने का ठेका दिया या नहीं ? मैन्यूफेक्च रिंग कंपनियों को रिटेल में ठेके की अनुमति नहीं होती, तो आपने यह अनुमति क्यों दी ? शराब के व्यापारियों के प्रति ये इतने नरम दिल क्यों हैं ? ठाकुर ने शराब घोटाले के अन्य आरोपियों से सिसोदिया के रिश्ते पर सवाल उठाते हुए पूछा कि इन आरोपियों के साथ सिसोदिया के क्या रिश्ते हैं ? आप सरकार ने शराब के ठेकों का कमीशन 2 से बढ़ाकर 12 प्रतिशत क्यों किया ?

ठाकुर ने शराब माफियाओं को बगैर कैबिनेट की अनुमति के 144 करोड़ रुपये वापस देने का आरोप लगाते हुए पूछा कि क्या यह मनीष सिसोदिया के कहने पर किया गया या इसमें अरविंद केजरीवाल की भी सहमति थी ? आप नेताओं पर इन सवालों का सही जवाब देने की बजाय इधर-उधर की बातें करने और सवालों से भागने का आरोप लगाते हुए केंद्रीय मंत्री ने कहा कि आप नेता सच्चाई, जिम्मेदारी और सवालों से भागते हैं, अब ये जनता से भी दूर भागेंगे। उन्होंने कहा कि मीडिया के सवालों का जवाब देने की बजाय मनीष सिसोदिया उल्टे पांव भाग रहे हैं और इसी तरह से एक दिन केजरीवाल और सिसोदिया को जनता से डर कर भागना पड़ेगा।

नोट: अगर आपको यह खबर पसंद आई तो इसे शेयर करना न भूलें, देश-विदेश से जुड़ी ताजा अपडेट पाने के लिए कृपया Vnation के Facebook पेज को Like व Twitter पर Follow करना न भूलें...
Leave A Reply

Your email address will not be published.