सरकारी नौकरी पाएंगे प्रदेश के उत्कृष्ट खिलाड़ी: नवनीत सहगल

0 506

लखनऊ: उत्तर प्रदेश सरकार ने राज्य में खेल एवं खेल संस्कृति को बढ़ावा देने के उद्देश्य से विभिन्न विभागों में खिलाड़ियों के लिए 02 प्रतिशत आरक्षित समूह-ग के रिक्त पदों पर सीधी भर्ती करने का निर्णय लिया है। इस संबंध में आज मुख्य सचिव श्री दुर्गाशंकर मिश्रा द्वारा समस्त अपर मुख्य सचिव/प्रमुख सचिव/सचिव को आवश्यक दिशा-निर्देश जारी कर दिये गये है।

अपर मुख्य सचिव खेलकूद श्री नवनीत सहगल ने बताया कि प्रदेश के उत्कृष्ट खिलाड़ियों के लिए समूह ग के पद पर भर्ती के लिए नियमावली में दी गई व्यवस्था के अनुसार विभिन्न सरकारी विभागों में 02 प्रतिशत पद सीधी भर्ती के माध्यम से भरे जाएंगे। उन्होंने विभागीय अधिकारियों को शासन द्वारा जारी दिशा-निर्देशों के प्रभावी अनुश्रवण सुनिश्चित कराये जाने के निर्देश दिये हैं। श्री सहगल ने कहा कि देश में खेल गतिविधियों में अभिवृद्धि करने, खेलों के प्रति युवाओं को आकर्षित करने के लिए आवश्यक है कि उत्कृष्ट खिलाड़ियों को सरकारी सेवा में प्रतिनिधित्व प्रदान किया जाए, इससे युवा पीढ़ी खेलों के प्रति आकर्षित होगी और उत्तर प्रदेश से बेहतरीन खिलाड़ी निकलेंगे।

सहगल ने बताया कि उत्तर प्रदेश सरकार निरंतर प्रदेश से प्रतिभावान खिलाड़ियों को खोजने में लगी हुई है। शहर-शहर, गांव-गांव में खेल सुविधाएं विकसित करने का काम किया जा रहा है, ताकि अधिक से अधिक बच्चे खेल से जुड़ सकें और देश दुनिया में प्रदेश का नाम रोशन करें। सरकारी सेवा में उत्कृष्ट खिलाड़ियों की नियुक्ति होने से पूरे प्रदेश में खेलों के प्रति अच्छा संदेश जाएगा तथा अधिक से अधिक बच्चे एवं युवा खेलों के प्रति आकर्षित होंगे।

नोट: अगर आपको यह खबर पसंद आई तो इसे शेयर करना न भूलें, देश-विदेश से जुड़ी ताजा अपडेट पाने के लिए कृपया Vnation के Facebook पेज को Like व Twitter पर Follow करना न भूलें...
Leave A Reply

Your email address will not be published.