असम में सेना और उग्रवादियों के बीच मुठभेड़, तलाशी अभियान जारी

0 446

गुवाहाटी/तिनसुकिया: असम के तिनसुकिया जिले के वन क्षेत्र में सोमवार को सेना के जवानों की एक टीम और अज्ञात उग्रवादियों के बीच मुठभेड़ शुरू हो गयी। रक्षा मंत्रालय के एक प्रवक्ता ने यह जानकारी दी। प्रवक्ता ने बताया कि बारपथार इलाके में पेंगेरी-डिग्बोई रोड पर सुबह करीब नौ बजकर 20 मिनट पर सेना की टीम गश्त कर रही थी, तभी यह मुठभेड़ शुरू हो गयी।

उन्होंने कहा कि जब यह मुठभेड़ शुरू हुई तब सैन्य गश्ती दल नियमित ड्यूटी पर था। इसके तुरंत बाद, सेना और असम पुलिस की एक संयुक्त टीम द्वारा तलाशी अभियान शुरू किया गया। प्रवक्ता के अनुसार पेंगेरी-डिग्बोई रोड को आम लोगों के लिए बंद कर दिया गया है तथा असम पुलिस समेत अतिरिक्त सुरक्षाबलों को इलाके में तैनात किया गया है।

प्रवक्ता के मुताबिक इस मुठभेड़ में अभी तक किसी के हताहत होने की कोई खबर नहीं मिली है, और अंधेरे के कारण तलाशी अभियान के बंद होने की संभावना है। प्रवक्ता ने कहा, ‘‘ विस्तृत ब्योरे की प्रतीक्षा है। अभियान अब भी जारी है।” स्थानीय लोगों ने दावा किया कि उन्होंने एक बड़े धमाके की आवाज सुनी है।

नोट: अगर आपको यह खबर पसंद आई तो इसे शेयर करना न भूलें, देश-विदेश से जुड़ी ताजा अपडेट पाने के लिए कृपया Vnation के Facebook पेज को Like व Twitter पर Follow करना न भूलें...
Leave A Reply

Your email address will not be published.