लद्दाख में लोगों का जीवन आसान बनाने में केन्द्र सरकार कोई कसर नहीं छोड़ेगी- पीएम मोदी

0 329

नई दिल्ली: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने रविवार को कहा कि उनकी सरकार लद्दाख के लोगों का जीवन आसान बनाने के लिए कोई कसर नहीं छोड़ेगी। उन्होंने लद्दाख के सांसद जामयांग त्सेरिंग नामग्याल के टैग करते हुए एक ट्वीट भी शेयर किया है। दरअसल, केन्द्र सरकार ने शिंकुन ला सुरंग बनाने की मंजूरी दे दी है, जिससे वहां के पर्यटन को काफी बढ़ावा मिलने वाला है।

केंद्र सरकार ने लद्दाख को सभी मौसम में कनेक्टिविटी प्रदान करने के लिए 2025 तक पूरी होने वाली 4.1 किलोमीटर लंबी शिंकुन ला सुरंग के निर्माण के लिए 1681.51 करोड़ रुपये मंजूर किए हैं। इसको लेकर केंद्र शासित प्रदेश के लोकसभा सांसद जामयांग त्सेरिंग नामग्याल ने कहा, “लद्दाख के सबसे पिछड़े क्षेत्र जांस्कर की लुंगनाक घाटी के निवासियों ने इस फैसले के लिए मोदी जी का स्वागत और धन्यवाद किया।” उनके ट्वीट को टैग करते हुए मोदी ने ट्वीट किया, “हम लद्दाख के लोगों के लिए जीवन को आसान बनाने में कोई कसर नहीं छोड़ेंगे।”

इस प्रोजेक्ट के पूरा होने से लाहौल और जंस्कार क्षेत्र के लोग आसानी से आवाजाही कर सकेंगे और आने वाले समय में इससे क्षेत्र के पर्यटन को काफी बढ़ावा मिलने की भी संभावना है। पर्यटन बढ़ने से आर्थिक व्यवस्था में मजबूती आना स्वभाविक है। देश की उत्तरी सीमा के सामरिक महत्व को ध्यान में रखते हुए यह प्रोजेक्ट काफी महत्वपूर्ण है।

शिंकुन ला सुरंग की लम्बाई 4.1 किलोमीटर है और यह केंद्र शासित प्रदेश के सीमावर्ती इलाके तक जाने का सबसे छोटा रास्ता होगा। इस सुरंग के बनने से सेना के जवान आसानी से सभी मौसम में अपना सामान ले जा सकेंगे। इस सुरंग के बनते ही सुरक्षाबलों का इन इलाकों तक पहुंचने का समय भी काफी कम हो जाएगा। आने वाले समय में यह सुरंग सामरिक और राष्ट्रीय सुरक्षा की दृष्टि से भी महत्वपूर्ण साबित होने वाली है।

नोट: अगर आपको यह खबर पसंद आई तो इसे शेयर करना न भूलें, देश-विदेश से जुड़ी ताजा अपडेट पाने के लिए कृपया Vnation के Facebook पेज को Like व Twitter पर Follow करना न भूलें...
Leave A Reply

Your email address will not be published.